Bengaluru Police: कर्नाटक की बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस ने बलात्कार और ‘लव जिहाद’ के आरोप के बाद कश्मीर से एक 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह आरोप उसकी सहकर्मी ने लगाया है, जो 2018 से उसकी लिव-इन पार्टनर थी। पीड़िता ने इस महीने की शुरुआत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवक के खिलाफ आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने इस सप्ताह मोगिल अशरफ बेग नाम के आरोपी शख्स को कश्मीर से गिरफ्तार किया और गुरुवार को बेंगलुरु ले आई। आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत बलात्कार, अप्राकृतिक यौन संबंध, आपराधिक धमकी, धोखाधड़ी और कर्नाटक धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार संरक्षण अधिनियम, 2022 के तहत अवैध धर्मांतरण का प्रयास करने का आरोप है।
यह पूरा मामला 6 सितंबर को सामने आया। जब एक महिला ने कर्नाटक पुलिस का ध्यान आकर्षित करते हुए सोशल मीडिया पर बलात्कार और लव जिहाद का आरोप लगाया था। महिला ने ‘एक्स’ पर बेंगलुरु पुलिस, कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी, प्रधानमंत्री कार्यालय, बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त को टैग करते हुए पोस्ट किया, ‘‘श्रीमान, मैं लवजिहाद, बलात्कार, अप्राकृतिक यौन संबंध और जबरन धर्म परिवर्तन की पीड़ित हूं। कृपया मुझे तुरंत बेंगलुरु में पुलिस सहायता प्रदान करें, क्योंकि मेरी जान खतरे में है।’’ जिसके बाद पुलिस ने उसे ढूंढ लिया और उसके बयान के आधार पर शिकायत दर्ज की।
14 सितंबर को दर्ज एफआईआर के अनुसार, पीड़िता उस व्यक्ति से 2018 में मिली थी, जब वे दोनों बेंगलुरु में एक आईटी फर्म में साथ काम करते थे। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के वादे के तहत पुरुष ने उसे धोखे से रिश्ते में फंसाया। उसने आगे आरोप लगाया कि उसने नागरिक विवाह में बिना किसी धार्मिक बाध्यता के उससे शादी करने का वादा किया और दोनों एक साथ रहने लगे।
उसने कहा, साथ रहने के दौरान, उसने उसे यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और शादी की पूर्व शर्त के रूप में उसे दूसरे धर्म में परिवर्तित करने का प्रयास किया। बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस ने एक पुलिस टीम कश्मीर भेजी, आरोपी का पता लगाया और उसे इस सप्ताह बेंगलुरु ले आई। बेंगलुरु ग्रामीण जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उन्हें श्रीनगर में हिरासत में लिया गया और बेंगलुरु लाया गया। मामले की जांच चल रही है।