Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक महिला जज की मां ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। महिला ने महाराष्ट्र के एक शख्स का खिलाफ बेटी को परेशान करने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइन थाने में महिला द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि शख्स ने खुद को जज बताकर बेटी से दोस्ती कर ली। बाद में दोनों की मुलाकातें हुईं। इन मुलाकातों के बाद वो बिटिया पर शादी का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर जिंदगी बर्बाद कर देने की धमकी देने रहा।
शख्स ने खुद को सिविल जज बताया था
पुलिस को दिए शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर हिमांशु नाम के युवक से उनकी बेटी की दोस्ती हो गई थी। शख्स ने खुद को सिविल जज बताया था। बाद में दोस्ती थोड़ी गहरी हुआ और दोनों ने फोन पर बातचीत शुरू कर दी। शख्स ने बताया कि हैदराबाद में उसका बड़ा व्यापार है। उसने बेटी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।
महिला ने बताया कि वो बेटी से मिलने लालबत्ती वाली गाड़ी में मेरठ भी आया था। फिर अपने माता-पिता से मिलवाने की झूठी बात कहकर महिला जज को दिल्ली बुलाया। हालांकि, बाद में जब उसने शादी करने से मना किया तो आरोपी ने उनकी बेटी की जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देने लगा। वो उसका पीछा करते हुए कोर्ट तक पहुंच गया। अब आरोपी सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर युवती को बदनाम कर रहा है।
इस संंबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है मामले में महिला जज की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इधर, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट कर न्यायिक अधिकारी और उनके परिजनों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने पुलिस पर भी उसके पक्ष की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
सरकारी आवास पहुंचकर भी किया हंगामा
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी 31 दिसंबर की शाम करीब चार बजे उनकी बेटी की गैरमौजूदगी में उसके सरकारी आवास पहुंच गया। वहां उसने खुद को उसका पति बताकर एंट्री कर ली और फिर लॉन में पहुंच कर कई तस्वीर लिए। जब युवती ने लौटने पर उसे वहां से जाने को कहा तो उसने मना करते हुए खूब हंगामा किया। साथ ही ये कहते हुए धमकी दी कि उसके राजनेता और अंडरवर्ल्ड से संबंध है।
महिला की मानें को उसने कहा कि अगर वो उसके साथ महाराष्ट्र नहीं चली तो वह उसे उठवा लेगा। काफी हंगामा करने के बाद आरोपी चला गया। महिला ने ये भी आरोप लगाया कि आरोपी बिटिया के बैचमेट्स को मैसेज कर उसे बदनाम कर रहा है।
