Mumbai News: मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर अपनी मोटरसाइकिल चलाते समय ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने,उसे धमकी और धक्का देने के बाद मुंबई पुलिस ने 26 साल की एक महिला आर्किटेक्ट (वास्तुकार) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ट्रैफिक अधिकारियों के साथ महिला के गतिरोध का एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित (वायरल) किया जा रहा है।
वायरल वीडियो में एक ट्रैफिक कांस्टेबल के साथ महिला बाइकर की तीखी बहस
रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना के वायरल वीडियो में एक ट्रैफिक कांस्टेबल के साथ महिला बाइकर की तीखी बहस को दिखाया गया है। कांस्टेबल ने महिला बाइकर को तेज गति से गाड़ी चलाते हुए पाए जाने पर रोका था। वीडियो में महिला ने अपनी बाइक से उतरने से इनकार कर दिया और जब अधिकारी ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उसे गाली दी और कहा, “हट काट के रख दूंगी… हिम्मत कैसे हुई तेरी गाड़ी छूने की। मेरी बाइक पर हाथ रखने की तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई?”
बांद्रा-वर्ली सी लिंक सुरक्षा कर्मचारियों ने फोन पर दी मुंबई पुलिस को जानकारी
मुंबई पुलिस ने कहा कि उन्हें बांद्रा-वर्ली सी लिंक सुरक्षा कर्मचारियों से फोन आया कि एक महिला बाइक सवार जिसकी पहचान नूपुर मुकेश पटेल के रूप में हुई है अपनी बुलेट पर सवार होकर सी लिंक पर दक्षिण मुंबई की ओर जा रही थी। तेज स्पीड बाइक को रोके जाने पर महिला ने ट्रैफिक पुलिकर्मी के साथ बेहद रूखा व्यवहार किया, उसे गाली और धमकी दी और सड़क पर जमकर तमाशा किया।
बाप के टैक्सपेयर होने की दी दुहाई, महिला बाइकर ने कहा- कोई नहीं रोक सकता
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “जब पुलिस कर्मियों ने महिला बाइक सवार को रोका तो उसने पुलिस से बहस करना शुरू कर दिया और कहा कि सड़क उसके बाप की है और वह एक करदाता है और इसलिए कोई भी उसे नहीं रोक सकता। कई बार अनुरोधों के बावजूद वह अपना दोपहिया वाहन सड़क के एक तरफ ले जाने के लिए तैयार नहीं थी और यातायात पुलिस से बहस कर रही थी। पुलिस अधिकारी ने कहा, “वह गैर-जरूरी बहस में पड़ गई और यहां तक कि एक कांस्टेबल को भी धक्का दे दिया।”
स्कूटी सवार लड़की ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा, बोली- चालान किया तो पूरे बिहार में मच जाएगा हंगामा | Video
CrPC की धारा 41ए के तहत महिला बाइकर को नोटिस, लगे कई आरोप
मुंबई पुलिस के अधिकारी ने कहा कि महिला पर सरकारी काम में बाधा डालने, सड़क पर लापरवाही से गाड़ी चलाने, खुद की और लोगों की जान खतरे में डालने और एक लोक सेवक पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी महिला नूपुर मुकेश पटेल मध्य प्रदेश के जबलपुर की रहने वाली हैं और बुलेट वहां की एक रियल एस्टेट फर्म के नाम पर रजिस्टर्ड है। उन्हें जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने के लिए आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 41ए के तहत नोटिस दिया गया। इसके बाद उन्हें जाने की इजाजत दी गई।