हरियाणा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खास शूटर की हत्या कर दी गई है। हरियाणा के यमुनानगर में यह घटना हुई है। राजन नाम के व्यक्ति की हत्या बंबीहा गैंग ने की है। राजन लॉरेंस बिश्नोई का खास शूटर माना जाता था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। राजन कुरुक्षेत्र का रहने वाला था।
हरियाणा के यमुनानगर में इस वारदात को दिया गया अंजाम
बताया जाता है कि बंबीहा गैंग के शूटर्स ने हरियाणा के यमुनानगर में उसे गोलियों से भून दिया और उसके बाद उसके शव को आग लगा दिया। बंबीहा गैंग ने गैंगस्टर अर्श डल्ला के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। इस घटना की जिम्मेदारी भी बंबीहा गैंग ने ली है।
एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बंबीहा गैंग ने लिखा, “सिद्धू मूसेवाला को बिना कसूर मार डाला। कनाडा में सुक्खा दुनुके की हत्या करवाई। अब हमने इसका बदला ले लिया है। जल्द ही सब का हिसाब होगा।”
हाल ही में जालंधर में गैंगस्टर और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी और उसमें दो अपराधी पकड़े गए थे। यह दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए थे। दोनों पर हत्या और ड्रग तस्करी के कई मामले शामिल थे। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया था कि पकड़े गए बदमाशों का नाम नितिन और अश्वनी है और दोनों जालंधर के ही रहने वाले थे। कमिश्नर ने यह भी बताया था कि यह दोनों लोग दो लोगों की रेकी कर रहे थे और जब पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो इन्होंने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी।
28 वर्षीय सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह एक कार में यात्रा कर रहे थे और लगभग एक दर्जन हमलावरों ने उन पर 30 से अधिक गोलियां चलाईं थीं। सिद्धू को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सिद्धू की ऑटोप्सी रिपोर्ट से पता चला था कि उनके शरीर पर गोली लगने के 19 निशान थे। मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) मामले में तिहाड़ जेल में बंद, बिश्नोई कथित तौर पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में उसके खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने एक बार बॉलिवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी।