Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने 9 महीने के बच्चे को छत से फेंक दिया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि अपने मायके में रह रही 27 साल की विवाहित महिला ने शनिवार सुबह अपने नौ महीने के बच्चे को छत से फेंक दिया।

घर की छत से बच्चे को फेंक दिया

एक अधिकारी के अनुसार, अंजू देवी का अपनी बहन से झगड़ा हुआ था, जिसके दौरान उसने कृष्णा नगर इलाके में अपने दो मंजिला घर की छत से बच्चे को फेंक दिया। बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़े – ‘ज्यादा रोती थी, इसलिए…’, छह माह की बीमार बच्ची की मां ने की हत्या, अब जांच के लिए कब्र से निकलेगा शव

घटना के बाद पुलिस ने अंजू देवी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। बच्चे की दादी शोभा देवी की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या की सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अंजू ने अपने ही बच्चे की हत्या कर दी

पुलिस के अनुसार, अंजू देवी ने प्रेम विवाह किया था। हालांकि, पिछले दो सालों से वो अपनी मां के साथ उसके घर पर रह रही थी। अंजू की बड़ी बहन मनीषा भी पिछले दो महीनों से उसी घर में रह रही थी। इसी बीच दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अंजू ने अपने ही बच्चे की हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें – ओडिशा : दोस्तों के साथ घर लौट रही थी किशोरी, सेल्फी लेने के चक्कर में ट्रेन से गिरकर हो गई मौत

बीते दिनों उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां एक महिला ने मानसिक रूप से बीमार अपनी छह माह की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। घटना शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में हुई। मामले में पुलिस ने बच्ची की मां मुसर्रत को हिरासत में ले लिया है।

महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने कबूल किया है कि बेटी हिदाया के सिर में गांठ थी। बीमारी के कारण वो ज्यादा रोती थी, इसलिए उसे मार दिया। शालीमार गार्डन के बी ब्लॉक में रहने वाली अजरा (बच्ची की ताई) ने अपनी देवरानी मुसर्रत पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।