उत्तर प्रदेश के बदायूं में नाई की दुकान चलाने वाले साजिद नाम के शख्स ने मंगलवार को घर में घुसकर तीन नाबालिग भाइयों आयुष, अहान और युवराज पर चाकू से हमला कर दिया। आयुष और अहान की मौत हो गई जबकि युवराज को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस एंकाउंटर में साजिद की मौत हो गयी, वहीं हत्याकांड का दूसरा आरोपी और साजिदका भाई जावेद फिलहाल फरार है। इस बर्बर हत्याकांड के दो दिन बाद भी लोगों के मन में एक ही सवाल है कि आखिर जावेद और साजिद ने मासूम बच्चों के साथ ऐसा क्यों किया?

मारे गए बच्चों के माता-पिता अपने परिवार पर हुई हिंसा से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान पिता विनोद कुमार ने कहा, “पुलिस को फरार दूसरे व्यक्ति का एनकाउंटर नहीं करना चाहिए। उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए और पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने हमारे साथ ऐसा क्यों किया? क्यों? कारण क्या था? इसके बाद पुलिस जो चाहे कर सकती है।”

बच्चों के पिता का सवाल- हमारे साथ ऐसा क्यों किया?

विनोद ने आगे कहा, “उन छोटे बच्चों ने क्या बिगाड़ा था? बच्चे तो बस खेलते- कूदते और स्कूल जाते हैं। मैं असहाय हूं, मैं कुछ नहीं कर सकता, मैं बस जो कुछ हुआ है उससे उबरने की कोशिश कर रहा हूं।” विनोद की पत्नी और बच्चों की मां संगीता लगातार रो रही हैं और बीच-बीच में बेहोश हो जा रही हैं।

वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि एनकाउंटर में मारे गए हत्यारोपी साजिद ने आयुष और अहान पर कुल 23 वार किए थे। बच्चों के शवों के पोस्टमार्टम में यह जानकारी मिली है। साजिद ने बच्चों की गर्दन काटने के बाद सीने, पीठ, हाथ और पैरों पर कई हमले किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जानकारी मिली है कि आयुष पर 14 और अहान पर घाव के 9 निशान थे। वहीं पुलिस एनकाउंटर में मारे गए साजिद को कुल 3 गोलियां लगीं थीं।

जावेद पर 25 हजार का इनाम

वारदात को अंजाम देने के बाद साजिद फरार हो गया था। उसकी तलाश में जुटी हुई पुलिस ने उसे घेर लिया था। खुद को पुलिस से घिरा हुआ देख साजिद ने हमला किया था जिसकी जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया। वहीं उसके भाई जावेद पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा है। जावेद फिलहाल फरार चल रहा है।

उसने जो गलत किया, उसका सही फल उसे मिला- आरोपी साजिद की मां

उत्तर प्रदेश के बदायूं में घर में घुसकर दो नाबालिग बच्चों की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत पर उसकी मां ने कहा कि उसने जो गलत किया, उसका सही फल उसे मिला। आरोपी साजिद की मां नाजरीन ने ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘मुझे नहीं पता कि उनके दिमाग में क्या चल रहा था। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। जिन बच्चों के साथ यह घटना हुयी, उसका मुझे बेहद अफसोस है।’’ पुलिस मुठभेड़ के बारे में पूछे जाने पर नाजरीन कहा कि उसने जो गलत किया, उसका सही परिणाम उन्हें मिला।”