बाबा सिद्दिकी हत्याकांड में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरे मामले में कुल छह आरोपियों को चिन्हित किया गया है, जिसमें से 4 की गिरफ्तारी हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। हालांकि, अब पूछताछ में जो बात सामने आई है, वो चौंकाने वाली है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि NCP नेता ही नहीं उन्हें बेटे जीशान सिद्दिकी पर भी उनका टारगेट था। उन्हें ऑर्डर मिला था कि जो दिखे उसे गोली मार दो। हालांकि, घटना वाली रात उन्हें कॉल आया और वो वापस दफ्तर चले गए और शूटर्स ने बाबा को अपना निशाना बनाया।

गौरतलब है कि हत्याकांड में अब तक 6 आरोपियों की पहचान की गई है। इनमें 4 पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। प्रवीण लोनकर को पुलिस ने आज सुबह ही गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

मालूम हो कि मुंबई में शनिवार की रात बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। बांद्रा ईस्ट में अपराधियों ने तीन बार विधायक रहे नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस से करने वाले सिद्दीकी साल 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर एनसीपी (अजित पवार गुट) में शामिल हो गए थे। उनकी गिनती महाराष्ट्र के कद्दावर नेताओं में होती है।

विधानसभा चुनाव से ठीक दो महीने पहले हुई घटना ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। सिद्दीकी को 15 दिनों पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। यही कारण था कि उनकी सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें Y कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी। हालांकि, सुरक्षा को भेदते हुए बदमाशों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने दावा किया है कि वे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से हैं। इधर, गैंग ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की जिम्मेदारी ली है।