महाराष्ट्र के औरंगाबाद से लापता हुई 16 साल की एक यूट्यूब गर्ल (YouTuber) को मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के डिब्बे में पाया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि लड़की अपने घर से नाराज होकर भाग आई थी। घटना के बाद लड़की के माता-पिता ने वीडियो जारी कर बताया कि उनकी बेटी उनसे नाराज होकर लखनऊ जा रही थी।

इटारसी में मिली यूट्यूब गर्ल

इटारसी जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर विभेंदु व्यंकटेश टांडिया ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को सूचना मिली कि एक लड़की अपने घर से कहीं चली गई है। लड़की के बारे में बताया गया था कि वह एक यूट्यूब चैनल (YouTube channel) चलाती है। लड़की अपने माता-पिता की डांट के बाद घर से भागकर चली आई थी।

जीआरपी एसआई ने दी जानकारी

सब-इंस्पेक्टर टांडिया ने कहा कि जीआरपी ने उसे शनिवार को भुसावल से आ रही कुशीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में पाया और बाद में लड़की को उसके परिवार को सौंप दिया। GRP एसआई ने आगे कहा कि उन्हें औरंगाबाद के छौनी थाना क्षेत्र से लड़की के लापता होने की सूचना मिली थी।

यूट्यूब गर्ल को किया माता-पिता के सुपुर्द

जीआरपी के मुताबिक, सूचना मिलने के तुरंत बाद लड़की के बारे में जानकारी जुटाई गई और फिर जीआरपी ने महाराष्ट्र से करीब 500 किलोमीटर दूर मौजूद इटारसी (Itarsi) रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेनों में चेकिंग तेज कर दी थी। उन्होंने कहा कि लड़की की तस्वीरों के आधार पर ट्रेनों की जांच के दौरान जीआरपी ने उसे ट्रेन के डिब्बे में पाया। लड़की की सुरक्षित बरामदगी के बाद उसके माता-पिता को सूचना दी गई, जो कि शनिवार देर रात इटारसी पहुंचे थे। इसके बाद, जीआरपी ने लड़की को उसके परिवार को सौंप दिया था।

YouTube पर लड़की के 44 लाख सब्सक्राइबर

परिजनों के मुताबिक, लड़की ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ जा रही थी। लड़की को सोशल मीडिया पर लोग ‘बिंदास काव्या’ (Bindaas Kavya) के नाम से जानते हैं। यूट्यूब गर्ल के करीब 44 लाख सब्सक्राइबर हैं। लड़की अपने परिवार के साथ औरंगाबाद में रहती हैं और महज 16 साल की उम्र में उनकी काफी अच्छी फैन फॉलोइंग है।