असम के गुवाहाटी में दिल को दुखाने वाली एक खबर सामने आई है। यहां कामरूप (मेट्रो) जिले में एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर पर आरोप है कि उसने 8वीं की छात्रा का दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं इसके बाद उसने छात्रा के शव को नदीं में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर को 8वीं की छात्रा का दुष्कर्म करने और उसकी हत्या कर लाश को नदी में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना गुवाहाटी स्थित कामरूप (मेट्रो) जिले में दर्ज की गई है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, कक्षा 8वीं की छात्रा पिछले सोमवार को अपना फोन रिचार्ज कराने के लिए घऱ से बाहर निकली थी मगर काफी देर बाद भी वह घर नहीं लौटी। इसके बाद शुक्रवार को उसका शव सोनापुर में दिगारू नदी में मिला।
जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने सोनपुर पुलिस स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। वे पीड़िता के लिए इंसाफ की मांग कर रहे थे। उनकी मांग थी कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सजा दी जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरोपी को मौत की सजा दी जाए। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपी ऑटो रिक्शा ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है।
दिल्ली के शाहाबाद डेयरी इलाके में नाबालिग के साथ दुष्कर्म
इसी तरह का एक मामला दिल्ली के शाहाबाद डेयरी इलाके में भी सामने आया है। यहां एक लड़के ने अपनी दोस्त को पार्क में मिलने बुलाया था। आरोप है कि जब दोनों पार्क में थे तभी वहां तीन आरोपी आए औऱ उन्होंने लड़की का सामूहिक दुष्कर्म किया। लड़की की उम्र करीब 16 साल बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
दरअसल, लड़की अपने दोस्त से मिलने पार्क में गई थी। तभी वहां तीनों आरोपी आ गए। उन्हें देखकर लड़की का दोस्त वहां से भाग गया। आरोपियों ने नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। फिलहाल पुलिस ने गैंगरेप के तीन आरोपियों को पकड़ लिया है और एक अन्य आऱोपी की तलाश कर रही है। वहीं एक आरोपी नाबालिग है।