आंध्र प्रदेश में ढाई साल पहले दूसरी जाति के लड़के से शादी करने वाली एक लड़की को मां बनने के एक हफ्ते बाद ही उसके पिता और भाइयों ने मार डाला। घटना आंध्र प्रदेश के चित्तूर की है। मृतक के पति ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। चित्तूर जिले के औसारापेंटा गांव में हुई इस घटना से सनसनी मच गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला ने एक हफ्ते पहले ही बेटे को जन्म दिया था। नवजात को अस्पताल ले जाते समय ही दंपती पर हमला कर दिया गया, जिससे महिला की मौत हो गई।

बच्चे को जन्म देने के बाद गांव लौटे थेः मृतक महिला की पहचान 23 वर्षीय हेमवती के रूप में हुई। वहीं हमलावर पिता का नाम भास्कर नायडू बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हेमवती और 25 वर्षीय केसावुलु के बीच प्रेम संबंध थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केसावुलु अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखता है। दोनों ने ढाई साल पहले हेमवती के परिजनों की इच्छा के खिलाफ जाकर शादी कर ली थी। परिजनों के डर के चलते दोनों ने गांव छोड़ दिया था। हेमवती ने हफ्तेभर पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद दंपती अपने गांव लौट आए।

National Hindi News, 29 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें

पिता और भाइयों ने किया हमलाः शुक्रवार (28 जून) को दंपती अपने बच्चे को पलामानेरु में अस्पताल लेकर गए थे। वापस लौटते समय हेमवती के पिता और भाइयों ने गांव के नजदीक स्थित चेकपोस्ट के पास उन पर हमला कर दिया। वे हेमवती को जबर्दस्ती बाइक पर बिठाकर आम के बगीचे में ले गए और वहां उसे पेड़ से बांध दिया।

हाथ-पैर बांधकर कुएं फेंक दियाः बाद में आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और उसे कुएं में फेंक दिया। बाद में केसावुलु को घटना की जानकारी मिली तो उसने भास्कर नायडू के घर पर हमला बोल दिया, इससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डीएसपी युगेंधर बाबू ने मौके पर जाकर हालात को काबू किया। पुलिस ने केसावुलु की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

Bihar News Today, 29 June 2019: बिहार से जुड़ी हर खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें