Iran Police Killed Boy: ईरान में एक सनसनीखेज मामले मामले में पुलिस की गोली से नौ साल के एक बच्चे की जान जाने का मामला सामने आया है। ईरान के अधिकारियों ने कहा कि एक लड़के को पुलिस ने गोली मार दी। क्योंकि उसके पिता ने दक्षिण-पश्चिमी खुज़ेस्तान प्रांत में एक कार चुरा ली थी। उसके साथ ही बच्चा भी चला गया था।
बच्चे के पिता का आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस ने कहा- कई बार चेतावनी दी थी
ईरान की आधिकारिक पुलिस वेबसाइट के हवाले से शुश्तर काउंटी के पुलिस प्रमुख रुहोल्लाह बिगडेली ने कहा कि कई अधिकारियों ने “चुराए गए वाहन पर गोली चलाकर” आरोपियों को रोकने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस की गोली लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि उन्होंने शूटिंग शुरू करने से पहले आरोपी शख्स को कई चेतावनियां जारी की थी। रिपोर्ट में कहा गया कि बच्चे के पिता का आपराधिक रिकॉर्ड था। उसके रिकॉर्ड में कार चोरी और नशीली दवाओं की तस्करी भी शामिल थी।
मृतक के पिता ने कहा- गोली चलाने से पहले पुलिस ने नहीं दी थी कोई चेतावनी
ईरानी जमरान समाचार वेबसाइट ने लड़के की पहचान 9 साल के मुर्तजा डेल्फ़ ज़रेगनी के रूप में की है। बच्चे के पिता ने वेबसाइट से बातचीत में पुलिस पर गोली चलाने से पहले कोई चेतावनी नहीं देने का आरोप लगाया है। मुर्तजा की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई। इसके बाद कई लोगों ने उसकी दर्दनाक मौत पर दुख जाहिर किया।
बीते साल नवंबर में भी सुरक्षा बलों ने की थी 9 साल के बच्चे की हत्या
इससे पहले नवंबर, 2022 में 9 साल के कियान पिरफलाक की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ईरान में मोरल पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद 22 वर्षीय महसा अमिनी की मौत के बाद देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों से भरे खुज़ेस्तान प्रांत के दक्षिण-पश्चिमी शहर इजेह में अपने माता-पिता के साथ गुजरते समय पिरफलाक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसकी मां ने सुरक्षा बलों पर बच्चे की हत्या का आरोप लगाया था।