मुंबई से दिल दुखाने वाली घटना सामने आई है। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशल एयरपोर्ट पर एक 80 साल के बुजुर्ग को एयर इंडिया ने व्हीलचेयर नहीं दी। जिस कारण वह एक किमी तक पैदल चले। इसके बाद हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो गई।
बुजुर्ग शख्स ने पत्नी के साथ न्यूयॉर्क से मुंबई के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट ली थी। वह मुंबई तो सही सलामत पहुंच गए लेकिन एयरपोर्ट पर उन्हें एक ही व्हीलचेयर मिली। उन्होंने उस व्हीलचेयर पर पत्नी को बैठा दिया क्योंकि वह भी पैदल चल पाने में असमर्थ थीं। उन्होंने एयर इंडिया से एक और व्हीलचेयर मांगी मगर नहीं मिली। हालांकि उन्होंने टिकट लेते समय व्हीलचेयर बुक की थी।
व्हीलचेयर ना मिलने के कारण वे पत्नी के साथ पैदल ही चल दिए। उनकी सांस फूलने लगी, इसी बीच उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अचानक उनकी मौत हो गई। घटना 12 फरवरी की है। बुजुर्ग शख्स पत्नी के साथ जा रहे थे।
पहले ही बुक की थी व्हीलचेयर
रिपोर्ट के अनुसार, दंपत्ति ने पहले से ही व्हीलचेयर बुक की थी लेकिन सिर्फ उनकी पत्नी को ही व्हीलचेयर मिली। वे पत्नी के साथ पैदल जा रहे थे। जैसे ही वे काउंटर पर पहुंचे उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद एयर इंडिया ने कहा, “दुर्भाग्य से 12 फरवरी, 2024 को न्यूयॉर्क से मुंबई की यात्रा करने वाले हमारे यात्री अपनी पत्नी को व्हीलचेयर पर लेकर जा रहे थे। इसी बीच हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो हई। हमने उन्हें व्हीलचेयर के लिए इंतजार करने के लिए कहा था। हालांकि वे पत्नी को व्हीलचेयर पर बैठाकर उनके साथ पैदल चलने लगे। हार्ट अटैक आने पर उन्हें एयरपोर्ट के डॉक्टर के अनुसार, तुंरत अस्पताल ले जाया गाया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
रिपोर्ट के अनुसार, मृतक पहचान भारतीय मूल के रूप में हुई है। वे अमेरिका में रहते थे। वे एयर इंडिया की उड़ान AI-116 से इकोनॉमी क्लास में मुंबई आए थे। फ्लाइट को सुबह 11:30 बजे मुंबई में उतरना था, लेकिन कथित तौर पर इसमें देरी हुई और दोपहर 2:10 बजे लैंडिंग हुई। फिलहाल मामले में आगे का कार्रवाई हो रही है।