हिमाचल प्रदेश में आजकल भारी बारिश हो रही है। बादल फटने से हुए नुकसान से इतर सामान्य बारिश किसानों के लिए अच्छा है। अब अच्छी फसल की उम्मीद है। इस मौसम में धान की खेती की जाती है और धान के लिए पानी की बहुत आवश्यकता होती है। हिमाचल प्रदेश एक पहाड़ी राज्य है, इसलिए यहां खेतों में पानी रोकना बहुत मुश्किल है। पानी की कमी से फसल का अधिक उत्पादन नहीं होता है। अगर यह बारिश का मौसम सितंबर के आखिर तक जारी रहता है तो अच्छी फसल होगी। यह बारिश अच्छी घास उगने के लिए भी बेहतर होती है। लेकिन ज्यादा बरसात के होने से कई मुसीबतें भी आती हैं। कांगड़ा जिले के धर्मशाला के भागसूनाथ में बादल फटा है। इसने बहुत नुकसान किया है। इसी तरह राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की खबरें है। लेकिन सरकार स्थिति को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश कर रही है। आशा है कि इस बार जानमाल की क्षति नहीं होगी।
’नरेंद्र कुमार शर्मा, जोगिंदर नगर, हिप्र

राजनीति में अपराधी

लगभग समूचे देश में चुनाव आमतौर पर जाति और धर्म के आधार पर लड़े जाते हैं। आपराधिक छवि वाले लोग हमेशा ही राजनीति में सक्रिय रहते है। हर चुनाव के बाद अपराधी राजनीति में घुसपैठ करते हैं। यों भारतीय राजनीति में अपराधियों का बोलबाला काफी पहले से रहा है। लेकिन अब जनता भी सजग हो चुकी है। इसके बावजूद आज भी कई आपराधिक आरोपों से घिरे व्यक्ति चुनाव जीत जाते हैं। चुनावी राजनीति कमोबेश राजनीतिक दलों को प्राप्त होने वाले पैसे पर निर्भर करती है। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले प्रत्याशियों के पास अक्सर धन अधिक मात्रा में होता है। वे चुनाव में अधिक पैसा खर्च करते हैं। जीतने के बाद बाहुबली अपना रोब मजबूर लोगों पर झाड़ते हैं। उससे अपराधियों का प्रभाव राजनीति में हावी रहता है।
’कांतिलाल मांडोत, सूरत, गुजरात

साइबर आतंक

आधुनिक तकनीक खतरे से खाली नहीं है। अमेरिका इसी का खामियाजा भुगत रहा है। बढ़ते साइबर हमलों के मद्देनजर रूस को चेतावनी भी चिंता का विषय है और उसकी गतिविधियां – दोनों देशों की शांति के साथ ही संबंधों के लिए भी खतरा बन सकती है। पुतिन मामलों को लेकर गंभीर बने। अमेरिका इन दिनों रूस की जमीन से उस पर हो रहे रैंसमवेयर हमलों से ग्रस्त है। दोनों देशों के बीच बढ़ती तनातनी के बीच अमेरिका द्वारा इन हमलों की प्रामाणिक जानकारी और रूस को दिए जाने के बावजूद कोई कार्यवाही न करना विवादों को बढ़ावा दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन को चेताया है और हमलों को रोकने की अंतिम चेतावनी दी है। रूस का इस मामले में गंभीर होना जरूरी है अन्यथा कोई बड़ा विवाद छिड़ सकता है।
’अमृतलाल मारू ‘रवि’ धार, मप्र