Who is Priya Saroj: लोकसभा चुनाव 2024 में सबसे कम उम्र की सांसदों में प्रिया सरोज का नाम भी शामिल था। अब खबरें हैं कि क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की सगाई हो गई है। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है लेकिन चर्चा है कि इस साल दोनों शादी के बंधन में बंध जाएंगे। आपको बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में तो उत्तर प्रदेश में भारी उलटफेर देखने को मिला। यूपी वालों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका दिया और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की साइकिल चल पड़ी। सपा ने इस बार टिकट बंटवारे की रणनीति के साथ-साथ जमीनी स्तर पर काम किया और शायद यही वजह है कि यूपी में एक बार फिर 37 सीटों के साथ यह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी ने कई युवा चेहरों को मौका भी दिया है। ऐसी ही एक सपा उम्मीदवार हैं प्रिया सरोज, जिन्होंने मछली शहर से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीता भी। आज हम बात करेंगें 25 साल की उम्र में पहली बार चुनाव लड़ने वालीं नई-नवेली सांसद प्रिया सरोज की पढ़ाई-लिखाई, पैसा और करियर के बारे में…
Who is Priya Saroj: कौन हैं प्रिया सरोज?
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से प्रिया सरोज को टिकट दिया था। प्रिया 25 साल की हैं और पहली बार उन्होंने चुनाव लड़ा। प्रिया सरोज की कई फोटोज भी सोशल मीडिया आईं जिनमें उन्हें सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ देखा गया।
प्रिया सरोज मछलीशहर लोकसभा सीट से पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक तूफानी सरोज (Tufani Saroj) की बेटी हैं। तूफानी सरोज 1999 से लेकर 2014 तक मछली शहर और सैदपुर लोकसभा सांसद रहे हैं। साल 2014 में वह मोदी लहर में चुनाव हार गए थे।
साल 2022 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में तूफानी सरोज केराकत सुरक्षित विधानसभा सीट से चुनाव लड़े और विधायक भी बने। तूफानी सरोज को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिना जाता है। यही वजह रही कि अखिलेश यादव ने बेटी प्रिया सरोज को टिकट देकर युवाओं का भरोसा जीतने की भी कोशिश की। मछलीशहर सीट पर प्रिया का मुकाबला बीजेपी के दिग्गज नेता बीपी सरोज से था।
प्रिया सरोज को चुनाव में कुल 4 लाख 51 हजार 292 वोट मिले जबकि बीपी सरोज को 4,15,442 वोट ही मिले।
Priya Saroj Education
प्रिया सरोज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की है। फिलहाल वह सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं और प्रैक्टिस करती हैं। प्रिया अपने कॉलेज और विश्वविद्यालय के दिनों से ही सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही हैं। सोशल मीडिया पर भी प्रिया काफी एक्टिव रहती हैं और लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी प्रिया अपनी स्पीच से लेकर प्रचार से जुड़ी वीडियो-फोटो शेयर करती रही हैं।
इंस्टाग्राम की बात करें तो 1 लाख 26 हजार लोग उन्हें फॉलो करते हैं। अपने बायो में उन्होंने लिखा है- प्रत्याशी-74 लोकसभा मछलीशहर समाजवादी पार्टी, अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट।
Priya Saroj Net Worth
प्रिया सरोज ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए दाखिल चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति 11 लाख 25 हजार 719 रुपये बताई थी। उनके पास कुल 75000 रुपये नकद हैं। जबकि 10 लाख 18 719 रुपये बैंक में जमा हैं। प्रिया के पास 32 हजार रुपये से ज्यादा का सोना भी है।
प्रिया सरोज का एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कह रही थीं कि जनता को रोजगार और महंगाई कम करने की गारंटी चाहिए, लेकिन ये केवल जुमलेबाजों की सरकार है, जो केवल झूठ बोलना जानती है।