Stock market Closing: घरेलू शेयर बाजार सोमवार को दोपहर तक रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आ गए। आज सेंसेक्स 64.77 अंक की गिरावट के साथ 85,641.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वही, निफ्टी 27.20 अंक की गिरावट के साथ 26,175.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों का हाल

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फिनसर्व प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, मारुति सुजुकी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक, अदाणी पोर्ट्स और एचसीएल टेक शामिल हैं।

भारत के किन शहरों में रहते हैं सबसे अमीर लोग? मुंबई ने किया कमाल, गुरुग्राम ने चौंकाया; जानें किस नंबर पर हैं दिल्ली-बेंगलुरु

एशिया के अन्य बाजारों का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था।

शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को 3,795.72 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 4,148.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.96% बढ़कर 63.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शुक्रवार को सेंसेक्स 13.71 अंक की मामूली गिरावट के साथ 85,706.67 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 12.60 अंक के नुकसान में रहा था।

दिसंबर 2025 में पैसे से जुड़े बड़े बदलाव: आधार-PAN लिंकिंग, पेंशन नियम और ITR डेडलाइन से जुड़ी हर अपडेट

किन वजहों से आई शेयर बाजार में गिरावट?

नवंबर पीएमआई 9 महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा (November PMI hits 9-month low)

सोमवार को जारी एक सर्वे के अनुसार नवंबर में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की तेजी कम हो गई, और इंडस्ट्रियल एक्टिविटी नौ महीनों में अपने सबसे कम लेवल पर आ गई। जिसका मुख्य कारण चुनौतीपूर्ण बाजार स्थितियों की खबरों के बीच बिक्री और उत्पादन में नरम वृद्धि है। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, सोमवार को एक मासिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर (Rupee at all-time low)

भारतीय रुपया सोमवार को अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गया। रुपया, डॉलर के मुकाबले गिरकर 89.76 पर आ गया। रुपये में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 नवंबर से अब तक करीब 1 रुपये की गिरावट आई है। यह गिरावट भी भारत द्वारा सभी उम्मीदों से बढ़कर जीडीपी के शानदार आंकड़े जारी करने के ठीक बाद आई। भारत की अर्थव्यवस्था सितंबर तिमाही में 8.2% बढ़ी।