घाटे में चल रही ब्रिटेन की कंपनी खिलौना ब्रांड हैमलेज ग्लोबल होल्डिंग्स लिमिटेड की किस्मत मुकेश अंबानी बदलने वाले हैं।
दरअसल, मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस नए सिरे से इस खिलौना कंपनी के स्टोर्स खोलने की प्लानिंग कर रही है। आपको बता दें कि साल 2019 में मुकेश अंबानी ने इस कंपनी का अधिग्रहण किया था। बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक रिलायंस भारत के साथ ही यूरोप, साउथ अफ्रीका और चीन में कंपनी के कई स्टोर्स खोलने जा रही है।
रिलायंस ब्रांड के चीफ एग्जिक्यूटिव अफसर दर्शन मेहता ने इसकी जानकारी दी है। दर्शन मेहता के मुताबिक ब्रिटिश खिलौना कंपनी के खस्ताहाल को सुधारने में मुकेश अंबानी नई जान फूंक सकते हैं। उन्होंने बताया कि खिलौना उद्योग तेजी से विकास कर सकता है। ऐसे में इस कारोबार पर फोकस करने का वक्त आ गया है।(ये पढ़ें-अडानी संभाल रहे हैं अंबानी का कारोबार)
620 करोड़ रुपये में अधिग्रहण: आपको बता दें कि साल 2019 में रिलायंस ने ब्रिटेन के खिलौना ब्रांड हैमलेज ग्लोबल होल्डिंग्स लिमिटेड को 6.79 करोड़ पाउंड या करीब 620 करोड़ रुपये में अधिग्रहण किया था। (ये पढ़ें—जब अंबानी की डील पर बिड़ला परिवार को हुई आपत्ति)
हैमलेज ग्लोबल होल्डिंग्स लिमिटेड की स्थापना साल 1760 में हुई थी। यह दुनिया की सबसे पुरानी और बड़ी रिटेलर खिलौना कंपनी है। इस कंपनी की स्थापना विलियम हैमलेज ने की थी। इस कंपनी के स्टोर अलग-अलग तरह के 50 हजार से ज्यादा खिलौना बेचते हैं।
साल 2003 में Baugur ग्रुप की कंपनी ने इसका अधिग्रहण किया था, जिसे 2012 में फ्रांस की रिटेलर ग्रुप ल्यूडोनो ने खरीदा। अब इसे मुकेश अंबानी की रिलायंस ने अधिग्रहण किया है। साल 2019 में डील के वक्त हैमलेज के 18 देशों में 167 स्टोर थे। भारत में रिलायंस हैमलेज की मास्टर फ्रेंचाइजी है और फिलहाल 29 शहरों में 88 स्टोरों का परिचालन करती है।
दुनिया के 12वें सबसे अमीर शख्स हैं अंबानी: रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी भारत के सबसे अरबपति शख्स हैं। वहीं दुनिया के सबसे दौलतमंद अरबपतियों की सूची में 12वें स्थान पर हैं। मुकेश अंबानी की दौलत 73 बिलियन डॉलर के करीब है। अगर रिलायंस इंडस्ट्रीज की बात करें तो कंपनी का मार्केट कैपिटल 12,26,048 करोड़ रुपये है। वहीं, शेयर भाव की बात करें तो 2 हजार रुपये के स्तर पर है। रिलायंस इंडस्ट्रीज मुख्य तौर पर पेट्रोकेमिकल्स, रिटेल और टेलीकॉम मार्केट में कारोबार करती है।
