पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू के बीच राजनीतिक खींचतान चल रही है। इन दोनों नेताओं की यह लड़ाई कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्षा सोनिया गांधी के दरबार तक पहुंची है। जहां पर नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह पर भारी पड़े हैं। पार्टी ने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया है।
सिर्फ राजनीति ही नहीं संपत्ति के मामले में भी नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब से सीएम पर भारी पड़ रहे हैं। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में दाखिल गए हलफनामे के मुताबिक, नवजोत सिंह सिद्धू के पास अमरिंदर सिंह के मुकाबले 10 गुना ज्यादा संपत्ति है। हलफनामे के मुताबिक, नवजोत सिंह सिद्धू कुल 42.12 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। वहीं, पंजाब सीएम अमरिंदर सिंह के पास केवल 4.77 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें दोनों नेताओं की पत्नी की संपत्ति शामिल नहीं है।
अमरिंदर सिंह के पास 1.15 करोड़ रुपए की चल संपत्ति: 2017 में दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अमरिंदर के पास 4.77 करोड़ रुपए की चल अचल संपत्ति है। इसमें 1.15 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 3.62 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। चल संपत्तियों में कैश, बैंक डिपॉजिट, एडवांस, मोटर व्हीकल, ज्वैलरी और अन्य निवेश है। अचल संपत्ति में कृषि भूमि, मकान शामिल हैं।
नवजोत सिंह सिद्धू 6.44 करोड़ रुपए की चल संपत्ति: पिछले विधानसभा चुनाव में जमा किए गए हलफनामे के अनुसार, नवजोत सिंह सिद्धू के पास कुल 42.12 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। इसमें 6.44 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 35.68 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल हैं। चल संपत्ति में कैश, बॉन्ड, डिबेंचर और शेयर्स में निवेश, पोस्ट ऑफिस स्कीम में निवेश, एडवांस, मोटर व्हीकल, ज्वैलरी और घड़ी शामिल है। अचल संपत्ति में कई जगहों पर कमर्शियल प्रॉपर्टी और रेजिडेंशियल बिल्डिंग शामिल हैं।
सिद्धू के पास 1 करोड़ की लैंड क्रूजर: नवजोत सिंह सिद्धू गाड़ियों के मामले में भी पंजाब सीएम अमरिंदर सिंह से आगे हैं। सिद्धू के पास कुल चार गाड़ियां हैं। इसमें 1 करोड़ रुपए की लैंड क्रूजर भी शामिल हैं। इसके अलावा सिद्धू के पास टोयोटा लैंड क्रूजर, मिनी कूपे और फॉर्च्यूनर गाड़ी भी है। अमरिंदर सिंह के पास केवल टोयोटा इनोवा गाड़ी है। हलफनामे में इसकी कीमत 12.22 लाख रुपए बताई गई है।
कमाई में भी नवजोत आगे: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी एडीआर पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2015-16 में नवजोत सिंह सिद्धू की कुल कमाई 9.66 करोड़ रुपए थी। इसी वित्त वर्ष में अमरिंदर सिंह की कमीई केवल 16.30 लाख रुपए थे। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह कमाई के मामले में नवजोत सिंह सिद्धू से कितने पीछे हैं।
आज अमृतसर में शक्ति प्रदर्शन करेंगे सिद्धू: नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के बाद भी विवाद जारी है। सिद्धू आज अमृतसर में शक्ति प्रदर्शन करने वाले हैं। सिद्धू ने सभी कांग्रेसी विधायकों और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने वालों से भी कार्यक्रम में आने को कहा है।

