दुनिया के 10 सबसे अमीर कारोबारियों में शुमार मुकेश अंबानी की कंपनी RIL ने अपनी जड़ें पेट्रोकेमिकल से JIO तक फैला रखी हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की शुरुआत धीरूभाई अंबानी ने की थी। अब इस कंपनी के सीईओ मुकेश अंबानी हैं। इस कंपनी के पास जानकारी के अनुसार 110 ब्रांड्स और प्रोडक्ट्स हैं। वहीं, 45 कंपनियों के साथ पार्टनशिप है। मुकेश के परिवार में उनकी पत्नी नीता के अलावा बेटे आकाश और अनंत शामिल हैं। बेटी ईशा का विवाह हो चुका है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की कुल नेटवर्थ 695,205 करोड़ यानि 87.1 बिलियम डॉलर है। कंपनी का कैश प्रॉफिट 71,446 करोड़ यानि 9.4 बिलियन डॉलर है। 31 मार्च 2020 तक कंपनी का नेट प्रॉफिट 39,880 करोड़ रुपए यानि 5.3 बिलियन डॉलर रहा। फार्च्यून ग्लोबल 500 के मुताबिक विश्व की सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट में RIL को भारत की सबसे बड़ी कंपनी माना गया। इसकी मौजूदा रैंक 96 है। फोर्ब्स ग्लोबल 2000 की लिस्ट में मुकेश अंबानी की कंपनी 71वें नंबर पर है। जबकि इस सूची में भी भारत की यह सबसे बड़ी कंपनी है।

RIL की केमिकल कंपनी का नाम रिलेब है। ये लीनिअर अल्काइल बेंजीन (एलएबी) पर काम करती है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 23 पॉलिएस्टर कंपनियां हैं। मुकेश अंबानी की 9 पेट्रोलियम रिटेल कंपनियां हैं। इनमें रिलायंस गैस, रिलायंस पेट्रोलियम रिटेल, रिलायंस एविएशन, ऑटो एलपीजी, रिलायंस ट्रांस कनेक्ट, एवन प्लाजा, क्विक मार्ट, रिफ्रेश और रिलस्टार शामिल हैं। ये कंपनियां एलपीजी, ट्रांसपोर्टेशन फ्यूल, जेट/एविएशन फ्यूल, ऑटो एलपीजी, हाईवे हॉस्पिटेलिटी सर्विसेज, फूड, लुब्रिकेंट्स पर काम करती हैं।

RIL के पास 8 टेक्सटाइल्स ब्रांड्स हैं। इनमें ओनली विमल, नाइस, एच लुईस, डिओ 2, विमिल गिफ्टिंग जैसी कंपनियां हैं। ये कंपनियां फेब्रिक, शूटिंग, शर्टिंग, गार्मेंट्स जैसे प्रोडक्ट्स को बनाने का काम करती हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पास 14 रिटेल ब्रांड्स हैं। ये सुपरमार्केट, इलेक्ट्रॉनिक स्टोर, मोबेलिटी एंड कम्युनिकेशन, ज्वैलरी स्टोर्स जैसे प्रोडक्ट्स की बिक्री का काम करते हैं। ग्रुप के पास 14 इन-स्टोर ब्रांड्स हैं। इनमें आवास, डीएनएमएक्स, जॉन प्लेयर, नेटप्ले, परफॉमैक्स, प्वाइंट कोव, एलवाईएफ, रिकनेक्ट, हेल्दी लाइफ के साथ अन्य शामिल हैं। ग्रुप में 24 डिजिटल सर्विसेज भी हैं।

RIL की रिलायंस रिटेल के साथ पार्टनरशिप भी है। इस पार्टनरशिप में 45 कंपनियां शामिल हैं। इनमें ज्यादातर कंपनियां फेब्रिक, प्रीमियम लग्जरी ब्रांड्स, बैग्स एंड एक्सेसरीज, ज्वेलरी, फर्नीचर जैसे ब्रांड्स हैं। मुकेश अंबानी का ग्रुप पार्टनरशिप के जरिए भी मोटा मुनाफा कमाता है। कंपनी की नेटवर्थ में इन पार्टनरशिप कंपनियों से होने वाली आमदनी अच्छी खासी है।

इसके अलावा फेसबुक ने रिलायंस ग्रुप की कंपनी रिलायंस जियो में करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी लेने की घोषणा की थी। लॉकडाउन के दौरान इसे दुनिया में सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है। फेसबुक जियो में 43,574 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इस निवेश के बाद जियो में फेसबुक की हिस्सेदारी 9.99 फीसदी हो जाएगी। वहीं इस निवेश के बाद जियो का वैल्यूएशन बढ़कर 4.62 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी।