देश के सबसे रईस शख्स मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी पेशे से टीचर रही हैं, लेकिन अब वह रिलायंस इंडस्ट्रीज का हिस्सा हैं। वह कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं। यही नहीं वह रिलायंस की ओर से सामाजिक कार्यों को देखने वाले रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक भी हैं। रिलायंस की वेबसाइट के मुताबिक इस फाउंडेशन के जरिए 2.6 करोड़ भारतीयों की जिंदगी में बदलाव आया है। यह फाउंडेशन ग्रामीण स्तर पर बदलाव, खेल, हेल्थ, एजुकेशन, आर्ट्स, कल्चर ऐंड हेरिटेज और डिजास्टर रेस्पॉन्स के क्षेत्र में काम करता है। हाल ही में रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना जनरल मीटिंग को भी नीता अंबानी ने संबोधित किया था।
पति मुकेश अंबानी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वालीं नीता अंबानी को 2014 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की टीम में शामिल किया गया था। रिलायंस के बोर्ड में शामिल होने वाली वह पहली महिला थीं। नीता अंबानी ने मुकेश अंबानी के अंकल रमणिकभाई अंबानी की जगह ली थी, जिन्होंने 90 साल की उम्र में रिटायरमेंट का फैसला लिया था। रमणिकभाई अंबानी रिलायंस के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और धीरूभाई अंबानी के बड़े भाई थे।
नीता का ही था आईपीएल टीम खरीदने का आइडिया: नीता अंबानी खेलों में भी खासी रुचि रखती हैं। आईपीएल की मुंबई इंडियंस टीम का कामकाज वही संभालती हैं। कहा जाता है कि आईपीएल में टीम खरीदने का आइडिया उनका ही था। इसके अलावा वह फुटबॉल स्पोर्ट्स डिवेलपमेंट लिमिटेड की फाउंडर भी हैं, जिसने 2014 में इंडियन सुपरलीग की लॉन्चिंग की थी। खेलों के प्रति उनके योगदान को देखते हुए इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी ने उन्हें 2016 में सदस्य के तौर पर शामिल किया था।
शिक्षा क्षेत्र में भी हैं ऐक्टिव: इसके अलावा नीता अंबानी 14 स्कूलों से भी जुड़ी हैं, जिनमें 16,000 से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं। यही नहीं अंबानी परिवार की ओर से संचालित धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल की वह फाउंडर और चेयरपर्सन भी हैं। कहा जाता है कि उनकी बहन ममता दलाल भी धीरूभाई इंटरनेशनल स्कूल के कामकाज को संभालती हैं।