मार्केट कैपिटल के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की 44वीं सालाना आम बैठक (annual general meeting) अब से कुछ देर बाद होने वाली है। इस वर्चुअल बैठक में कंपनी कई बड़े ऐलान कर सकती है। आइए जानते हैं कि रिलायंस की इस बैठक में किन बातों पर फोकस रह सकता है।
अरामको से डील: करीब तीन साल से अरब की तेल कंपनी सऊदी अरामको के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज की डील अटकी हुई है। इस बार के बोर्ड बैठक में इस डील को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। बीते दिनों ऐसी खबरें आईं कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के निदेशक मंडल में सऊदी अरामको के चेयरमैन यासिर-अल-रुमायन को संभवत: शामिल किया जा सकता है। इस संबंध में एजीएम की बैठक में ऐलान किया जा सकता है। आपको बता दें कि सऊदी अरामको अभी भी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ उसके तेल से रसायन बनाने की (ओ2सी) कंपनी में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने को लेकर बातचीत कर रही है।
5जी सेवाएं: रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक में 5जी सेवाएं की लॉन्चिंग को लेकर कोई बड़ा ऐलान हो सकता है। बीते साल की बैठक में मुकेश अंबानी ने बताया था कि 2021 की पहली छमाही में 5जी सेवाएं लॉन्च की जाने की उम्मीद है। यही वजह है कि लोगों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं। इसके अलावा सस्ते 5जी फोन भी लॉन्च किए जा सकते हैं।
रिटेल पर फोकस: रिलायंस का फोकस रिटेल के कारोबार पर है। आने वाले दिनों में रिटेल मार्केट में कॉम्पिटिशन बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में रिलायंस रिटेल भविष्य के लिए अपनी तैयारियों के बारे में जानकारी दे सकती है। इसके अलावा रिलायंस रिटेल और फ्यूचर ग्रुप की 24000 करोड़ से ज्यादा के डील पर भी कंपनी की ओर से कोई बयान आ सकता है।
आपको बता दें कि रिलायंस रिटेल ने फ्यूचर ग्रुप के रिटेल कारोबार के अधिग्रहण के लिए डील की थी, जिस पर ई कॉमर्स कंपनी अमेजन को आपत्ति है। ये मामला कानूनी पचड़े में फंसा हुआ है। (ये पढ़ें-मुकेश अंबानी से ज्यादा है इन दो भाइयों की सैलरी, रिलायंस में मिली है बड़ी जिम्मेदारी)
शेयर पर नजर: रिलायंस इंडस्ट्रीज के एजीएम बैठक से पहले कंपनी के शेयर पर भी निगाहें हैं। हालांकि, गुरुवार को कारोबार के शुरुआती घंटे में रिलायंस के शेयर में सुस्ती देखी गई है। फिलहाल, शेयर का भाव 2200 रुपये से भी कम हो चुका है। आपको बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में पिछले एक महीने में 11 फीसदी तेजी आई है।