कोरोनिल दवा की वजह से योग गुरु रामदेव के पतंजलि आयुर्वेद की चर्चा इन दिनों काफी हो रही है। रामदेव की एक अन्य कंपनी रुचि सोया भी है। इस कंपनी में रामदेव नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर हैं।
वहीं, डायरेक्टर और चेयरपर्सन आचार्य बालकृष्ण हैं तो वहीं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राम भारत हैं। राम भारत, योग गुरु रामदेव के भाई भी हैं। वहीं, नॉन एग्जीक्यूटिव-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की संख्या तीन है। इस सूची में एक महिला भी हैं। महिला नॉन एग्जीक्यूटिव-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर का नाम ज्ञान सुधा मिश्रा है। आइए जानते हैं कि आखिर कौन है ज्ञान सुधा मिश्रा..
ज्ञान सुधा मिश्रा के बारे में: ज्ञान सुधा मिश्रा भारत के सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं। भारत के सर्वोच्च न्यायालय में उनके पदभार से पहले, वह झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थीं। इसके पहले उन्होंने पटना उच्च न्यायालय और राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में भी कार्य किया है। ज्ञान सुधा मिश्रा ने लॉ और पोस्ट में ग्रेजुएट डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की है।
आपको बता दें कि रूचि सोया न्यूट्रीला ब्रांड से उत्पाद बेचती है। पतंजलि आयुर्वेद ने 4,350 करोड़ रुपये में रूचि सोया का अधिग्रहण किया था।
बीएसई की वेबसाइट के मुताबिक सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को रुचि सोया के शेयर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान रुचि सोया का शेयर 0.80% बढ़कर 727 रुपये के भाव पर रहा। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 21,515 करोड़ रुपये है।