भारतीय कारोबारी मुकेश अंबानी अकूत संपत्ति के मालिक हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक, उनकी नेट वर्थ 44.3 बिलियन डॉलर या 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर शख्स हैं और दुनिया के अरबपतियों की सूची में 12वें नंबर पर आते हैं। लेकिन आपने कभी सोचा है कि मुकेश अंबानी अपनी निजी संपत्ति से क्या-क्या खरीद सकते हैं? चलिए, हम आपको बताते हैं। मुकेश अंबानी के पास इतनी संपत्ति है कि वह उससे 10,76,180.30 किलो या 1,076 टन सोना खरीद सकते हैं। यह सोना भारत के कुल गोल्ड रिजर्व यानी 560 टन से दोगुना है।

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज दुनिया की सबसे बड़ी क्रूड ऑयल रिफाइनिंग कंपनी है। अंबानी के पास इतना पैसा है कि वह उससे पूरे भारत के लिए 6 महीने तक इस्तेमाल हो सकने लायक क्रूड आयल (कच्चा तेल) खरीद सकते हैं। अंबानी की संपत्ति इतनी है कि वह 82.60 करोड़ बैरल क्रूड ऑयल खरीद सकते हैं। इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में प्रति दिन 46 लाख बैरल ऑयल का इस्तेमाल होता है। वहीं, पूरे विश्व में करीब 9.30 करोड़ बैरल प्रतिदिन कच्चे तेल का उपयोग होता है। इस्तेमाल के मामले में अमेरिका सबसे ऊपर आता है।

जीडीपी किसी देश की अर्थव्यवस्था के आकार का सूचक है। मुकेश अंबानी की संपत्ति अमेरिका की कुल जीडीपी का 0.229% है। भारत की बात करें तो 2017 में हमारी जीडीपी 2597 बिलियन डॉलर थी। आंकड़े बताते हैं कि मुकेश अंबानी की संपत्ति भारत की कुल जीडीपी का 1.6% है। दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति में मुकेश अंबानी की हिस्सेदारी 0.9 पर्सेंट है। बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुकेश अंबानी के करीब 40 प्रतिशत शेयर हैं। मुनाफे और मार्केट वैल्यू के मामले में यह भारत की सबसे बड़ी कंपनी है। वहीं, मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया की कीमत करीब 14 हजार करोड़ रुपये आंकी गई है।