Ola Donation For Coronavirus Pandemic: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से अपने पांव पसार रहा है। इस भयावह बीमारी से लड़ने के लिए देश के दिग्गज इंडस्ट्रियलिस्ट अपने अपने तरह से लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। अब देश की प्रमुख कैब सर्विस कंपनी Ola ने देश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए पूरे 8 करोड़ रुपये कोरोना वायरस रिलीफ फंड में डोनेट करने की घोषणा की है। इससे पहले कंपनी बैंग्लुरू में लॉक डाउन के दौरान हॉस्पिटल जाने के लिए कैब सर्विस की शुरुआत कर चुकी है।
Ola देश की अग्रणी कैब सर्विस प्रोवाइडर कंपनी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपनी ने 5 करोड़ रुपये का डोनेशन प्रधानमंत्री के नागरिक सहायता और आपातकालीन स्थिति में राहत (PM CARES) फंड में किया है। इसके अलावा 3 करोड़ रुपये की धनराशि अलग अलग राज्यों के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किया है। कुल मिलाकर कोरोना वायरस के खिलाफ इस जंग में कंपनी 8 करोड़ रुपये का अनुदान कर चुकी है।
Ola Group के सीईओ और को-फाउंडर भाविश अग्रवाल ने बताया कि, हेल्थकेयर डिपार्टमेंट से लेकर, जरूरी सामाग्री की आपूर्ति करने वाले, पुलिस बल सहित हजारो लोग देश भर में इस वायरस के खिलाफ लड़ने में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस माहामारी के संक्रमण के रोकथाम के लिए Ola भी सरकार की मदद के लिए पूरी तरह से तैयार है।
बता दें कि, हाल ही में Tata Trust और Tata Sons ने कुल 1500 करोड़ रुपये का अनुदान किया था। इसके अलावा देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी अपनी फैक्ट्री में मास्क, वेंटिलेटर और प्रोटेक्टिव क्लॉथ का निर्माण कर रही है। हुंडई ने दक्षिण कोरिया से एडवांस मास्क और टेस्टिंग किट ऑर्डर किया है। वहीं देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने अपने सैलेरी को डोनेट करने के साथ ही उनकी कंपनी कम कीमत में वेंटिलेटर का निर्माण कर रही है।
ताजा जानकारी के अनुसार देश भर में कोरोना वायरस के चलते तकरीबन 7400 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 239 लोगों की अब तक इस भयावह बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। इस बीमारी से निपटने के लिए देश में आगामी 14 अप्रैल तक लॉक डाउन लागू किया गया है। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग अलग राज्यों के मुख्यमंत्री से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की है। दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री ने लॉक डाउन को बढ़ाने की मांग की है।

