2020 Tata Harrier: देश की जानी-मानी वाहन निर्माता कंपनी Tata Motors ने इस साल के शुरुआत में बीएस6 टाटा हैरियर को लॉन्च कर दिया है। 2020 Tata Harrier की शुरुआती कीमत 13.69 लाख रुपये तय की गई है। जिसे फिलहाल कंपनी ने देशभर के डीलरशिप पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक 2020 हैरियर की डिलीवरी इस महीने के अंत तक शुरू की जा सकती हैं।

2020 टाटा हैरियर को हाल ही में आयोजित किए गए 2020 ऑटो एक्सपो में पहली बार पेश किया गया था। जिसमें फुल साइज की पैनोरमिक सनरूफ, 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स, अपडेट किए गए ORVMs, 17-इंच के डायमंड-कट एलॉय व्हील और पहले से ज्यादा शक्तिशाली इंजन दिया गया है। कंपनी के अनुसार हैरियर में मिलने वाला पैनोरमिक सनरूफ इस सेगमेंट में सबसे बड़ा है। इसके साथ ही पुरानी कार के साथ पेश किए जाने वाले ब्लाइंडस्पॉट को कम करने के लिए इसमें विंग मिरर को अपडेट कर दिया गया है।

2020 हैरियर में FCA-सोसर्ड 2.0 लीटर का 4-सिलेंडर युक्त टर्बोचार्ज्ड डीजल मिलता है, जो अब 170ps की पीक पावर पैदा करता है। पुरानी कार के मुकाबले हैरियर अब 30ps अधिक पावर देने में सक्षम है। BS6 कंम्प्लाइंट हैरियर में यह इंजन 170ps की पावर और 350nm का टॉर्क जेनरेट करेगा। इस मोटर के साथ कंपनी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 6 स्पीड मैन्युअल को स्टैंडर्ड रखेगी। इसके साथ ही इसके मिड स्पेक XMA, टॉप स्पेक XZA और नए ट्रिम XZA+ में हुंडई के 6 स्पीड टॉर्क कनवर्टर का भी विकल्प दे सकती है।

नए ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और फीचर्स के साथ कंपनी ने हैरियर के साथ नए वेरिएंट को भी शामिल किया है। जहां पहले यह कार 4 वैरिएंट में उपलब्ध थी वहीं अब इसे कुल 8 वेरिएंट में लाया गया है। जिसमें ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प XMA, XTA, XZA, और XZA + वेरिएंट के साथ पेश किया जाएगा। Tata Motors एक नया डुअल-टोन कलर Calypso Red और सिंगल-टोन स्पार्कल कोकोआ भी पेश कर रही है, जबकि Thermisto Gold और Calisto Copper को अब बंद कर दिया गया हैं।