Union Budget 2024 Date: पूरा देश बेसब्री से बजट का इंतजार कर रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश करेंगी। अंतरिम बजट इसलिए क्योंकि आने वाले तीन महीनों में लोकसभा चुनाव है। पूर्ण बजट नई सरकार बनने के बाद जुलाई में पेश होगा। देश भर की नजरें अंतरिम बजट पर टिकी हुई हैं। देश में बजट सत्र की शुरुआत (31 जनवरी) से होगी। आपको बताते हैं बजट के समय, दिन के बारे में विस्तार से…

Budget 2024: कब और किस समय पेश होगा बजट

निर्मला सीतारमण 1 फरवरी यानी गुरुवार को सुबह 11 बजे संसद में बजट पेश करेंगी। बजट कई मायनों में अहम माना जा रहा है। बजट के पहले होने वाली पारंपरिक हलवा सेरिमनी भी पूरी हो चुकी है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहले ही कह दिया था कि यह बजट Vote on Account अकाउंट होगा। यानी इसमें कोई बड़ी घोषणाएं नहीं होगी। हालांकि बड़ी घोषणाएं करने पर कोई संवैधानिक रोक नहीं है।

Budget 2024: अंतरिम और पूर्ण बजट में क्या होता है अंतर?

अंतरिम बजट नई सरकार बनने तक सरकार के अनुमानित खर्चों की रूपरेखा तैयार करेगा। वहीं पूर्ण बजट में कमाई, खर्च, आवंटन और नई घोषणाओं सहित सरकारी वित्त के सभी पहलू शामिल होते हैं। पूरे साल का बजट एक ऐसा रास्ता होता है, जो पूरे वित्तीय वर्ष के लिए देश की आर्थिक स्तिथि को दर्शाता है। अंतरिम बजट छोटे अवधि के लिए वित्तीय विवरण देता है।

Budget 2024: इस साल पेश नहीं होगा इकोनॉमिक सर्वे

हर साल पूर्ण बजट से पहले आर्थिक सर्वे (Economic Survey) पेश किया जाता है। आर्थिक सर्वे बजट से एक दिन पहले पेश किया जाता है। लेकिन इस साल 31 जनवरी को आर्थिक सर्वे पेश नहीं किया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह चुनाव का साल है और अगर आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा और सरकार बदली तो सामान्य बजट प्रक्रिया में दिक्कतें आ सकती हैं।

पीयूष गोयल ने पेश किया था पिछला अंतरिम बजट

2019 में तात्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली के बीमार होने के बाद वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे पीयूष गोयल ने आखिरी अंतरिम बजट पेश किया था। इसके बाद नई सरकार बनी और निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री बनी। उन्होंने 5 जुलाई 2019 को पूर्ण बजट पेश किया। पिछले अंतरिम बजट में ही सरकार ने इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव किया था। पीयूष गोयल ने घोषणा की थी कि पांच लाख रुपये तक की आय पूरी तरह से टैक्स फ्री होगी।