Anant Singh Net Worth: बाहुबली नेता अनंत सिंह और बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह आखिरकार जेल से बाहर आ गए हैं। पिछले दिनों हाईकोर्ट ने उन्हें अपने घर में AK-47 रखने के मामले में बरी कर दया था। आज यानी 16 अगस्त 2024 की सुबह अनंत सिंह जेल से बाहर आ गए। 2022 में इस मामले में दोषी ठहराए जाने पर उन्हें 10 साल की सजा मिली थी लेकिन हाईकोर्ट ने सबूतों के अभाव में उन्हें आरोपमुक्त कर दिया। जेल से बाहर आने के बाद बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया और कहा कि जेल से बाहर आकर अच्छा लग रहा है। अनंत सिंह ने कुल चार बार विधायकी के चुनाव में जीत हासिल की है। अनंत कुमार सिंह को उनके इलाके में लोग ‘छोटे सरकार’ के नाम से जाना जाता है। 2020 के उनके चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह पर कुल 38 आपराधिक आरोप हैं। आज हम आपको बताएंगे बिहार के मोकोमा के ‘छोटे सरकार’ की दौलत, प्रॉपर्टी और नेट वर्थ के बारे में…
कौन हैं जेडीयू विधायक अनंत सिंह: Who is Anant Singh?
अनंत सिंह का जन्म बिहार के सीडी ब्लॉक के तहत आने वाले नदावन गांव में एक भूमिहार परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम चंद्रदीप सिंह था। जबकि उनके बड़े भाई दिलीप सिंह भी राजनेता हैं और 1990 व 1995 में जनता दल के टिकट पर मोकोमा से विधायकी का चुनाव लड़ चुके हैं। वह मंत्री भी रह चुके हैं।
मोकामा के पूरे इलाक में अनंत सिंह और उनके पूरे परिवार का काफी दबदबा है। अनंत सिंह की शादी नीलम देवी से हुई है। अनंत सिंह को 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान 15 दिनों के पैरोल पर रिहा किया गया था और वह जदयू के ललन सिंह के लिए मुंगेर में प्रचार कर रहे थे।
2019 में अनंत सिंह पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस समय पटना जिले के लदमा गांव में उनके पैतृक घर से छापेमारी के बाद AK-47 राइफल, एक मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हथगोले पुलिस ने बरामद किए थे।
अनंत सिंह का राजनीतिक करियर: Anant Singh Political Career
अनंत सिंह ने सबसे पहले साल 2005 में जेडीयू के टिकट पर मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। साल 2010 में लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) की सोनम देवी को उन्होंने बड़े अंतर से मात दी।
2010 में उन्होंने दूसरी बार मोकामा से टिकट लड़ा और जीता। लेकिन साल 2015 में अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के साथ अपना नाता तोड़ लिया क्योंकि उन्हें आरजेडी के साथ जेडीयू का नया गठबंधन रास नहीं आया। और निर्दलीय चुनाव लड़कर मोकामा की जनता का भरोसा जीतने के साथ ही चुनाव भी जीत लिया।
अनंत सिंह ने आखिरी बार 2020 में चुनाव लड़ा था और इस बार उन्हें राष्ट्रीय जनता दल से टिकट मिला। मोकामा विधानसभा क्षेत्र से इस बार उन्होंने लगातार चौथी बार 35291 वोटों से जीत हासिल की।
अनंत सिंह नेट वर्थ: Anant Singh Net Worth
साल 2020 के चुनाव में अनंत सिंह ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी संपत्ति की जानकारी दी। इसके मुताबिक, बाहुबली विधायक ने अपनी संपत्ति 68,56,78,795 करोड़ रुपये बताई। जबकि उनके ऊपर 17 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज था।
अनंत सिंह ने 2019-20 वित्तीय वर्ष में अपनी आय 8,86,143 रुपये बताई थी। वहीं 2018-19 में यह 8,39,898 रुपये, 2017-18 में 7,62,991 रुपये, 2016-17 में 7,03,783 रुपये और 2015-2016 में 6,21,858 रुपये थी।
उनकी पत्नी नीलम सिंह की इनकम वित्तीय वर्ष 2019-20 में 1 करोड़ 20 लाख रुपये से ज्यादा थी।
अनंत सिंह ने अपने चुनावी एफिडेविट में अपने बैंक अकाउंट में 41 लाख रुपये से ज्यादा रकम जमा होने की भी जानकारी दी थी। उनके पास 4 करोड़ रुपये से ज्यादा के बॉन्ड, डिबेंचर्स और शेयर थे। अनंत सिंह के पास 40 लाख से जयादा की इंश्योरेंस पॉलिसी थी। वहीं उन पर कुल 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी का जिक्र है। जबकि उनकी पत्नी पर कुल पौने 7 करोड़ रुपये के आसपास लोन था।
अनंत सिंह के पास 2020 में 6 लाख रुपये की वैल्यू वाली महिंद्रा स्कोर्पियो कार थी। उनकी पत्नी के पास 25 लाख से ज्यादा वैल्यू वाली इनोवा क्रिस्टा और 32 लाख रुपये से ज्यादा वैल्यू वाली फॉर्च्यूनर सिग्मा कार रजिस्टर्ड थी।
अनंत सिंह को अकसर ही सोने की चेन और अंगूठियां पहने देखा जा सकता है। उनके पास 2020 में 150 ग्राम सोना था जिसकी वैल्यू 4 लाख 10000 रुपये थी। वहीं उनकी पत्नी के कुल 23 लाख से ज्यादा का सोना और 3 लाख से ज्यादा की चांदी थी। कुल 31 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के गहने उनके और उनकी पत्नी के पास थी।
इसके अलावा अनंत सिंह के पास घोड़ा, गाय, भैंस, हाथी आदि भी थे जिनकी वैल्यी करीब 2 लाख रुपये थी। उनके पास 1 लाख से ज्यादा के दूसरे घर के सामान भी थे।
प्रॉपर्टी की बात करें तो अनंत सिंह (पटना) और उनकी पत्नी (बहरियारपुर) के पास 4 करोड़ से ज्यादा की कृषि योग्य भूमि थी। अनंत सिंह और उनकी पत्नी के नाम पर 18 करोड़ से ज्यादा की नॉन-एग्रिकल्चरल लैंड भी है। इसके अलावा पटना में दोनों के पास 23 करोड़ से ज्यादा की कमर्शियल बिल्डिंग रजिस्टर्ड होने की भी जानकारी दी गई थी। दोनों के पास 3 करोड़ से ज्यादा के घर दिल्ली और नदावन में होने का जिक्र भी चुनावी एफिडेविट में दिया गया था।
