उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर परराज्य सरकार के कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने का फैसला लिया है। एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए बोनस की मंजूरी दी गई है।
कर्मचारियों को कितना मिलेगा बोनस?
यह बोनस मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा 7,000 रूपये के आधार पर 30 दिनों की परिलब्धियों का आकलन करते हुए दिया जाएगा। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 6,908 रूपये का लाभ मिलेगा।
14.82 लाख कर्मचारी होंगे लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा तथा शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
इस निर्णय से राज्य सरकार के लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे और राज्य सरकार पर कुल व्ययभार लगभग 1,022 करोड़ रूपये आएगा।
राजस्थान सरकार ने भी किया दिवाली बोनस का ऐलान
आज ही राजस्थान सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस देने की घोषणा की है। मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिवाली के अवसर पर राज्य सरकार के लगभग 6 लाख कर्मचारियों के लिए एड हॉक बोनस की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह बोनस वेतन स्तर L-12 या 4,800 रुपये या उससे कम ग्रेड पे वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 6774 रुपये का एड हॉक बोनस मिलेगा।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों को भी दिवाली का तोहफा
हाल ही में भारत सरकार की ओर से कर्मचारियों के लिए बोनस और महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की घोषणा की गयी थी। सरकार ने डीए में 3 प्रतिशत का इजाफा किया है। अब कर्मचारियों का डीए 55% से बढ़कर 58% हो गया है।
डीए में यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2025 से मान्य है यानी अक्टूबर की सैलरी में पिछले तीन महीनों का DA एरियर के रुप में जोड़कर दिया जाएगा।