India’s Achievement in 2023: दिसंबर का महीना शुरू हो गया है और इसी के साथ 2023 अपनी विदाई की तरफ बढ़ रहा है। 2023 में भारत ने कई नई उपलब्धियां हासिल की। बात करें बिजनेस इंडस्ट्री की तो देश में कई नई शुरुआत हुई जिनसे अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला। ग्लोबल मार्केट में मंदी की खबरों के बीच आर्थिक उथल-पुथल चलती रही। लेकिन इन सब संघर्षों के बावजूद देश ग्लोबल मैन्युफैक्चरर सेंटर बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। हाल ही में आई S&P की एक रिपोर्ट में भी कहा गया कि भारत 2023 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

2023 में देश ने काफी-कुछ हासिल किया और कई सेक्टर में लोगों को ‘अच्छे दिन’ देखने को मिले। इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात हो या दुनिया के सबसे बड़े एविएशन ऑर्डर की। भारत ने दुनिया को दिखाया कि हम विकासशील देश से विकसित देश बनने की तरफ अग्रसर हैं। आइये आपको बताते हैं टॉप-3 उन उपलब्धियों के बारे में जो भारत के विकास में बड़ा योगदान दे रही हैं और दुनियाभर में जिनके चलते देश का डंका बजा है।

बैंगलुरू-मैसूर एक्सप्रेसवे की शुरुआत (Bangalore Mysore Expressway started)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मार्च 2023 को बेंगलुरू-मैसूर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। 2023 में देश को मिलने वाली बड़ी उपलब्धियों में से यह एक है। 119 किलोमीटर लंबे बेंगलुरु -मैसूर एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट को NH-275 नाम दिया गया। यह एक 6-10 लेन हाईवे है जिसे 8480 करोड़ रुपये की लागत के साथ डिवेलप किया गया।

नेशनल हाइवेज ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने यह प्रोजेक्ट दिलीप बिल्डकॉन (Dilip Buildcon) को समर्पित किया। इस हाईवे का उद्देश्य मुख्यतौर पर बेंगलुरु और मैसूर के बीच ट्रैफिक को सुगम करना था और अब इससे 3 घंटे का सफर सिर्फ 75 मिनट में पूरा किया जा सकता है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा हुआ शुरु ( Delhi-Mumbai Expressway)

देश की राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई से जोड़ने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे 1350 किलोमीटर लंबा है। और निश्चित तौर पर देश के लिए 2023 में मिली यह एक बड़ी उपलब्धि है। 8-लेन वाले इस एक्सप्रेसवे का काम अभी भी चल रहा है। इस एक्सप्रेसवे की नींव केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्व विदेश मंत्री रहीं स्वर्गीय सुषमा स्वराज और अरुण जेटली के साथ मिलकर 8 मार्च 2019 को रखी थी। इस प्रोजेक्ट में जमीन अधिग्रहण को मिलाकर कुल 1,00,000 करोड़ रुपये का खर्च होने का अनुमान है। इस हाईवे के साथ NHAI 31 किलोमीटर का एक और स्ट्रेच जोड़ेगी जो सेक्टर-65 से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक होगा।

गौर करने वाली बात है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने के बाद इन दोनों शहरों का फासला सिर्फ 12 घंटे तक का रह जाएगा। इस एक्सप्रेसवे का पहला फेज दिल्ली और जयपुर के बीच का है जिसे आम लोगों के लिए खोला जा चुका है। इस एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र यानी कुल 6 राज्य रास्ते में पड़ेंगे। इस एक्सप्रेस के पूरा होने की डेडलाइन 2024 है।

एयर इंडिया ने दिया दुनिया का सबसे बड़ा एविएशन ऑर्डर (world’s largest aviation order)

एयर इंडिया की कमान अब देश के सबसे बड़े बिजनेस घराने Tata Group के हाथों में है। टाटा ग्रुप ने 2023 में एयर इंडिया का मेकओवर कर दिया। देश की इस सबसे बड़ी एयरलाइन का ना केवल मेकओवर किया गया बल्कि इसके लोगो और क्रू मेंबर्स के पहनावे तक को बदल दिया गया। टाटा ने एक ब्रैंड न्यू एक्सपीरियंस देने का कमिटमेंट भी किया।

इसके अलावा एयर सबसे बड़ी बात रही कि एयर इंडिया ने दुनिया के सबसे बड़े एविएशन ऑर्डर को फाइनल कर दिया। Air India ने प्लेन मैन्युफैक्चर करने वाली कंपनी से 470 जेटलाइनर्स का ऑर्डर दिया। इनमें Airbus से 250 प्लेन, Boeing से 220 और 70 दूसरे प्लेन का बड़ा ऑर्डर दिया। इनमें 400 नैरोबॉडी और 70 चौंड़ी बॉडी वाले प्लेन शामिल हैं। एयर इंडिया को साल के आखिर तक कुछ वाइडबॉडी प्लेन की डिलीवरी मिलने की उम्मीद है।