एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति और अडानी ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी अब ड्रोन सेक्टर में भी कदम कदम रखने जा रहे हैं। शुक्रवार को अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी इंटरप्राइजेज की ओर से शेयर बाजार को दी गई सूचना के मुताबिक उनकी सहायक कंपनी अडानी डिफेंस सिस्टम और टेक्नोलॉजी ने बेंगलुरु के एक ड्रोन बनाने वाली कंपनी जनरल एरोनॉटिक्स में 50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है।
इस डील पर अडानी डिफेंस के सीईओ आशीष राजवंशी ने कहा कि जनरल एरोनॉटिक्स और अडानी डिफेंस के बीच हुई इस साझेदारी का उद्देश्य सेना के साथ नागरिक जरूरतों को पूरा करना है। अडानी ग्रुप की यूएवी (UAV) क्षमता और जनरल एरोनॉटिक्स की क्षमता एक साथ आने से हमें एक नया प्लेटफॉर्म मिलेगा।
जनरल एरोनॉटिक्स के सीईओ अभिषेक बर्मन ने कहा कि “हम साथ मिलकर अपनी इस साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे और भारत को एक ड्रोन हब के रूप में विकसित करने में मदद करेंगे।”
जनरल एरोनॉटिक्स की स्थापना 2016 में बेंगलुरु में की गई थी। कंपनी एआई (Artificial Intelligence) और डेटा एनालिटिक्स (Data Analytics) का उपयोग करके तकनीक आधारित फसल सुरक्षा सेवाओं, फसल स्वास्थ्य निगरानी और उपज निगरानी सेवाओं के लिए रोबोटिक ड्रोन विकसित करती है।
तेजी से बढ़ रहा अडानी ग्रुप: अडानी ग्रुप देश में तेजी से सभी सेक्टरों में अपने पांव पसार रहा है। हाल में अडानी ग्रुप की ओर 10.5 बिलियन डॉलर में स्विट्जरलैंड के होल्सिम ग्रुप से देश की चर्चित सीमेंट कंपनियां अंबुजा और एसीसी सीमेंट को खरीद लिया था। इस अधिग्रहण के बाद अडानी ग्रुप देश में अल्ट्राटेक सीमेंट के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट उत्पादक बन गया है।
गौतम अडानी की संपत्ति: इस साल गौतम अडानी की संपत्ति देश में नहीं बल्कि दुनिया में सबसे अधिक बढ़ी है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी संपत्ति करीब 102 बिलियन डॉलर है जो उन्हें एशिया का सबसे अमीर व्यक्ति बनाती है। इस साल गौतम अडानी की संपत्ति करीब 25 बिलियन डॉलर बढ़ी है जो कि दुनिया में सबसे अधिक है।