यामाहा मोटर इंडिया ने हाल ही में भारत में ‘YZF-R2’ नाम का ट्रेडमार्क दर्ज कराया है। इससे संकेत मिलते हैं कि कंपनी भविष्य में अपनी लोकप्रिय R15 के ऊपर एक नई फुली-फेयर्ड स्पोर्टबाइक पेश कर सकती है। हालांकि, फिलहाल कंपनी की ओर से किसी आधिकारिक लॉन्च की पुष्टि नहीं की गई है।

R2 ट्रेडमार्क पहले भी हुआ था रजिस्टर

गौरतलब है कि Yamaha ने R2 नाम का ट्रेडमार्क सबसे पहले 2021 में ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, यूरोप और फिलीपींस जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कराया था। इसके बावजूद अब तक इस बाइक को लेकर कोई ठोस अपडेट सामने नहीं आया। ऐसे में भारत में ट्रेडमार्क फाइलिंग को फिलहाल नाम सुरक्षित करने (Name Protection) की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

R15 से ज्यादा पावरफुल होगी Yamaha R2?

अगर Yamaha R2 को लॉन्च किया जाता है, तो यह मौजूदा YZF-R15 से ज्यादा पावरफुल होगी। मौजूदा यामाहा R15 में 155cc इंजन मिलता है, जो 18.4hp पावर, 14.2Nm टॉर्क जनरेट करता है। संभावित Yamaha R2: 200cc के आसपास का सिंगल-सिलेंडर इंजन मिल सता है।

हालांकि Yamaha इंडोनेशिया जैसे कुछ एशियाई बाजारों में R25 बेचती है, जिसमें पैरलल-ट्विन इंजन (35.9hp) मिलता है, लेकिन भारत में R2 के लिए सिंगल-सिलेंडर इंजन की संभावना ज्यादा है। इसकी वजह है कम लागत और बेहतर प्राइसिंग।

क्या R2, R15 को रिप्लेस करेगी?

बाजार में यह चर्चा भी है कि Yamaha R2, R15 को रिप्लेस कर सकती है। लेकिन ऐसा होना कम ही संभव लगता है। R15 भारत में Yamaha की सबसे ज्यादा बिकने वाली स्पोर्टबाइक है और कंपनी इसे अचानक बंद कर नई, महंगी बाइक लाने का रिस्क नहीं लेगी।

Yamaha R3 और MT-03 भारत में बंद?

इस बीच Yamaha की बड़ी बाइक्स R3 और MT-03 को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली और मुंबई समेत कई मेट्रो शहरों के डीलर्स के अनुसार, पिछले 6 महीनों से नई स्टॉक नहीं आई है। दोनों बाइक्स CBU के तौर पर भारत आती थीं, जिससे इनकी कीमत काफी ज्यादा हो गई थी। कई बार कीमत घटाने के बावजूद बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।

हालांकि Yamaha ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 2025 R3 को अपडेट किया है, लेकिन भारत में इसके लॉन्च को लेकर फिलहाल कोई संकेत नहीं हैं।

Jansatta Automobile Expert Conclusion

Yamaha R2 का भारत में ट्रेडमार्क होना निश्चित रूप से उत्साहजनक खबर है, लेकिन फिलहाल इसे लॉन्च की पुष्टि मानना जल्दबाजी होगी। वहीं दूसरी ओर, R3 और MT-03 का धीरे-धीरे बाजार से गायब होना Yamaha की भविष्य की रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत देता है।