मारुति सुज़ुकी और सुज़ुकी ग्लोबल की पहली इलेक्ट्रिक कार eVitara भारत में लॉन्च होने जा रही है। यह इलेक्ट्रिक SUV भारतीय बाजार के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई है और इसे वैश्विक बाजारों में भी बेचा जाएगा। कंपनी ने भारत में बनी पहली 2,900 Suzuki eVitara कारों का पहला बैच वैश्विक बाजारों के लिए भेजा भी है।

भारत में लॉन्च और निर्माण

मारुति सुज़ुकी eVitara को इस वर्ष की ऑटो एक्सपो 2025 (भारत मोबिलिटी एक्सपो) में अनवील किया गया था। यह कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की यात्रा की पहली कदम है और इसे ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत गुजरात की मारुति सुज़ुकी फैक्ट्री में निर्मित किया जाएगा। इस सुविधा से ग्लोबल-स्पेक मॉडल का उत्पादन होगा और इन्हें अन्य देशों में भेजा जाएगा। eVitara का टोयोटा संस्करण Urban Cruiser EV भी इसी फैक्ट्री में बनेगा।

ट्रिम और प्रतिस्पर्धा

मारुति eVitara भारत में तीन ट्रिम्स में लॉन्च होगी – Delta, Zeta और Alpha और इसे Nexa डीलरशिप के माध्यम से बेचा जाएगा। इसकी प्रमुख प्रतिस्पर्धा में MG ZS EV, Tata Curvv EV, Hyundai Creta Electric और कुछ हद तक Mahindra BE 6 शामिल हैं।

सभी ट्रिम्स में FWD (फ्रंट-व्हील ड्राइव) लेआउट स्टैंडर्ड होगा। कार में दो बैटरी विकल्प होंगे – 49 kWh और 61 kWh, जो क्रमशः 142 bhp और 172 bhp की पावर प्रदान करेंगे।

फीचर से भरपूर इंटीरियर

eVitara के इंटीरियर में किसी भी कमी को नहीं छोड़ा गया है। इसमें फ्लोटिंग सेंटर कंसोल, 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, सॉफ्ट टच प्लास्टिक, ग्लास रूफ, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल और वेंटिलेटेड सीट्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

आकार और रेंज

eVitara अपने प्रतिद्वंदियों से थोड़ी छोटी है और इसकी लंबाई 4.27 मीटर है। हालांकि, इसका 2,700 mm लंबा व्हीलबेस काफी जगह प्रदान करता है। एक बार चार्ज करने पर अधिकतम रेंज लगभग 500 किमी तक है।

कब होगी लॉन्च

मारुति सुज़ुकी eVitara दिसंबर 2025 में भारत में लॉन्च हो सकती है, जिसके बाद यह देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में कंपनी की पहली बड़ी पेशकश साबित होगी।