Vande Bharat Train: प्रधानमंत्री मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट वंदे भारत की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। जहां एक ओर नई-नई वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर नए-नए रूटों पर चलाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर इसके डिमांड बढ़ती जा रही है। इसी बीच जानकारी मिल रही है कि तिरुनेलवेली से चेन्नई एगमोर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की डिमांड इस कदर रेलवे के पास पहुंच रही है कि इस रूट पर रेलवे दोगुने बोगियों के साथ इसे चलाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि इसको लेकर अभी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
8 से 16 बोगी करने की डिमांड
प्रधानमंत्री मोदी ने फरवरी 2019 में वंदे भारत की पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। जिसके बाद इसको लगातार बढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक मदुरई रेलवे बोर्ड की ओर से 8 बोगियों वाली तिरुनेलवेली-चेन्नई वंदे भारत ट्रेन को 16 बोगियों में बदलने का प्रस्ताव दिया गया है। जानकारी के अनुसार इस इलाके में वंदे भारत ट्रेन की डिमांड खूब बताई जा रही है। वहीं सूत्रों की मानें तो इसको लेकर प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया गया है। जबकि मुख्यालय से इसपर मुहर लगने की भी पूरी उम्मीद है।
समय की वजह से इस ट्रेन की मांग ज्यादा
बीते साल 24 सितंबर 2023 को पीएम मोदी ने तिरुनेलवेली-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। दरअसल ये दक्षिण तमिलनाडु के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन थी। इसके करीब 1 साल बाद रेलवे ने 31 अगस्त 2024 को मदुरई-बेंगलुरु-मदुरई और नगरकोल-चेन्नई-नगरकोल वंदे भारत की शुरुआत हुई थी। इन तीनों में सबसे ज्यादा यात्री तिरुनेलवेली-चेन्नई वंदे भारत को मिल रहे हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस रूट के ट्रेन यात्री बता रहे हैं कि इस वंदे भारत का टाइम बहुत सही है। सुबह 6 बजे तिरुनेलवेली से चलती है। जिसके बाद ये 7 बजकर 50 मिनट पर मदुरई और 9 बजकर 50 मिनट पर त्रिची पहुंच जाती है। जबकि दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर चेन्नई पहुंचती है। इसके समय की वजह से ये ट्रेन लोगों के लिए काफी पसंदीदा और सुविधाजनक बनी हुई है। इस ट्रेन के रिटर्न टाइम की बात करें तो दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर चेन्नई से चलती है और रात 10 बजकर 40 मिनट पर तिरुनेलवेली पहुंच जाती है।