रसोई गैस के भारी-भरकम गैस सिलिंडर से अब आपको जल्द ही मुक्ति मिलेगी। अब लोहे के सिलेंडर को रिप्लेस करने के लिए फाइबर ग्लास कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर लॉन्च हो चुका है। इस सिलेंडर की खास बात यह होगी इसका वजन पुराने परंपरागत सिलेंडर से कम होगा। इसके अलावा लोगों को यह कम दाम पर भी मिलेगा और लोग इसे अपने पुराने गैस सिलेंडर से भी बदल सकते हैं। फाइबर ग्लास से बने इस नया गैस सिलेंडर पुराने सिलेंडर से अधिक सुरक्षित होगा।
कंपोजिट सिलेंडर की खासियत: नए कंपोजिट सिलेंडर का वजन पुराने सिलेंडर से 50% कम होगा। यह सिलेंडर पूरी तरह से पारदर्शी होगा और इसका वजन सिर्फ 6 किलोग्राम होगा। देखने में इसकी संरचना भी सुंदर है। इसमें कई रंग के भी सिलेंडर आपको मिल सकेंगे। जहां पुराना सिलेंडर गैस के साथ 31 किलोग्राम का होता है तो वहीं कंपोजिट सिलेंडर महज 16 किलोग्राम का होगा। कम वजन होने के कारण महिलाएं भी इसे आसानी से उठा सकेंगी। सबसे खास बात यह कि यह फाइबर होने के नाते पूरी तरह से जंग प्रतिरोधी होगा।
क्या होगी कीमत: कंपोजिट गैस सिलेंडर 10 किलो और पांच किलोग्राम में उपलब्ध होगा। जहां 10 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमत 692 रुपये होगी तो वहीं 5 किलो के लिए आपको 363 रुपये देने होंगे। इन दोनों में पुराना वाला रेग्युलेटर लगेगा। इसमें आप आसानी से देख सकेंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस बची हुई है। फिलहाल 10 किलोग्राम वाले सिलेंडर में पुराने सिलेंडर के मुकाबले लगभग 4 किलो गैस कम आएगी।
28 शहरों में मिलेगा यह सिलेंडर: शनिवार(25 सितंबर) को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की तरफ से ओमैक्स सिटी में आयोजित कार्यक्रम में सांसद हेमा मालिनी ने इस सिलेंडर को लॉन्च किया। पहले चरण में इसे दिल्ली, गुरुग्राम, बनारस, फरीदाबाद, प्रयागराज, जयपुर, हैदराबाद, पटना, मैसूर, जालंधर, जमशेदपुर, लुधियाना, रायपुर, रांची, अहमदाबाद समेत 28 शहरों में उपलब्ध होगा। जानकारी देते हुए सिलेंडर वितरित कंपनी इंडेन ने बताया कि नया कंपोजिट गैस सिलेंडर लेने के लिए ग्राहक को 10 किलोग्राम पर 3350 रुपए और 5 किलो वाले सिलेंडर पर 2150 रुपए सिक्योरिटी देनी होगी।