भारत में आधार कार्ड एक जरुरी दस्तावेज हो चुका है। किसी भी सरकारी और बैंक में खाता खुलवाने जैसे काम में आधार कार्ड का होना आवश्यक है। इसके बिना आप कई सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पाएंगे। वहीं अगर आप आधार कार्ड में कुछ सुधार करना चाहते हैं या फिर अपने खोए हुए आधार कार्ड को दोबारा पाना चाहते हैं तो ऑनलाइन सुविधा के द्वारा आपको यह लाभ मिल जाता है। इसके अलावा कई सेवाएं ऐसी भी हैं, जिसका लाभ आप ऑनलाइन नहीं ले सकते हैं। इसे आप सीएसी केंद्र जाकर ही सुधार करा सकते हैं।
कई चीजों में सुधार के लिए देना होता है चार्ज
अगर आप आधार कार्ड में सुधार करना चाहते हैं तो इसके लिए आप ऑनलाइन माध्यम का भी उपयोग कर सकते हैं। साथ ही अगर आप ऑनलाइन माध्यम का उपयोग नहीं करना चाहते हैं या सक्षम नहीं है तो ऑफलाइन से भी इसे करा सकते हैं इसके लिए आपको सीएसी केंद्र या नजदीकी डाकघर जाना होगा। इन चीजों में सुधार के लिए आधार कार्ड जारी करने वाली संस्था कुछ चार्ज लेती है। हालाकि कुछ चीजे फ्री में परिवर्तित की जा सकती है।
इन चीजों के सुधार पर देना होता है चार्ज
आधार कार्ड जारी करने वाली संस्था आधार कार्ड जारी करते वक्त 50 रुपये का चार्ज लेती है। इसके बाद से अपडेट के लिए कई चीजों पर अलग- अलग तरह के चीजों पर चार्ज लिए जाते हैं। अगर आप अपना बायोमैट्रिक अपडेट कराते हैं तो 50 रुपये का शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा डेमोग्राफिक की कोई भी जानकारी अपडेट पर 50 रुपये का चार्ज वसूला जाता है। इसके साथ ही अगर कोई व्यक्ति दोबारा से आधार कार्ड लेता है तो उसे चार्ज देने पड़ते हैं। इसके अलावा PVC Aadhar Card के लिए 50 रुपये का चार्ज लिया जाता है। मोबाइल नंबर अपडेट करने पर 50 रुपये का चार्ज वसूला जाता है। इसी तरह से ईकेवाईसी कराने के लिए यूआईडीएआई 30 रुपये का चार्ज लेती है।
ये सेवाएं होती है फ्री में अपडेट
वहीं फ्री में अपडेट सेवाओं की बात करें तो आप अपने आधार कार्ड पर नाम, जन्मतिथि, पता जैसी जानकारियां फ्री में ऑनलाइन माध्यम से सुधार सकते हैं। इसके साथ ही अगर आप आधार की ई कॉपी लेते हैं तो इसका भी कोई चार्ज आपसे नहीं लिया जाता है। एनरोलमेंट नंबर और पहली बार बायोमैट्रिक जानकारी पर कोई चार्ज नहीं लिया जाता है।