Maharashtra govt FASTag News: महाराष्ट्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। इस कैबिनेट की बैठक में फास्टैग को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। महाराष्ट्र में 1 अप्रैल से सभी गाड़ियों पर फास्टैग अनिवार्य होगा। महाराष्ट्र सरकार ने फैसला लिया है कि सभी वाहन मालिकों को 1 अप्रैल 2025 से अपनी गाड़ी पर फास्टैग को लगाना होगा। केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के अनुसार 1 दिसंबर 2017 से नए चार पहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए फास्टैग को अनिवार्य किया गया था।

कैबिनेट बैठक में फास्टैग को लेकर लिया गया फैसला

कैबिनेट की बैठक के अनुसार सभी वाहनों में फास्टैग अनिवार्य तो होगा ही तो वहीं दूसरे राज्य में फास्टैग की सेवा देने वाली कंपनियों के डेटाबेस का भी वेरीफिकेशन होगा। उसके माध्यम से यहां जांच किया जाएगा कि फास्टैग का विवरण VAHAN डेटाबेस में दी गई जानकारी से मैच होता है या नहीं।

भीड़भाड़ से मिलेगी राहत

इस पूरी प्रक्रिया को हर साल अपडेट किया जाएगा। सरकार ने ये फैसला टोल प्लाजा पर भीड़भाड़ से बचने के लिए किया है। अगर लोग इसे फॉलो करते हैं तो उन्हें टोल प्लाजों पर लंबी कतारों का सामना नहीं करना पड़ेगा और सरकार की कमाई भी बढ़ेगी। मोदी सरकार ने 1 जनवरी 2021 से ही सभी चार पहिया वाहनों के लिए फास्टैग अनिवार्य कर दिया था, लेकिन कई टोल प्लाजों पर अभी भी पहले की व्यवस्था चल रही है।

सड़क पर कार में चाय पी रहे थे मुंबई के ठेकेदार, बाइक पर आए दो बदमाश, ताबड़तोड़ करने लगे फायरिंग

क्या कहता है नियम?

सरकार के नियमों के मुताबिक अगर आपकी गाड़ी पर फास्टैग नहीं है तो आपको टोल टैक्स से दुगनी राशि देनी होती है। देश में अधिकतर टोल बूथ पर यह नियम लागू हो चुका है। हालांकि महाराष्ट्र में अभी तक यह लागू नहीं था लेकिन अब अप्रैल से इसका सख्ती से पालन किया जाएगा।

बता दें कि फास्टैग की उपलब्धता में आसानी के लिए NHAI ने MyFASTag APP भी लॉन्च किया है। इससे POS के स्थान और NHAI/अन्य वॉलेट या बैंक खातों के साथ चार्जिंग/लिंकिंग के साथ-साथ फास्टैग के बारे में सभी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।