e-SHRAM कार्ड: ई-श्रम पोर्टल पर अब तक 24 करोड़ के करीब श्रमिक अपना रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। केंद्र सरकार ने बीते साल अगस्त में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को आर्थिक मजबूती देने के लिए ई-श्रम पोर्टल शुरू किया था। इस योजना में सरकार की योजना है कि, देशभर के करीब 38 करोड़ श्रमिकों को रजिस्ट्रेशन कराया जाए। ताकि उन तक सरकारी योजनाओं की पहुंच आसान बनाई जा सके। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के साथ कुछ और राज्य सरकारों ने ई-श्रम कार्डधारी श्रमिकों के अकाउंट में नगद राशि भेजी है। आइए जानते है ई-श्रम कार्ड में श्रमिकों को सरकार की ओर से कौन-कौन से लाभ दिए जाते हैं।
क्या-क्या मिलती है सुविधा – ई-श्रम योजना के तहत श्रमिकों को 2 लाख तक का दुर्घटना बीमा भी दिया जाता है। सरकार ई-श्रम कार्ड स्कीम के जरिये लाभार्थियों को आगे चलकर पेंशन का लाभ देने की भी तैयारी में है। ई-श्रम कार्ड के जरिये लोगों को इलाज में भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं को बच्चों के भरण-पोषण के लिए राशि दी जाएगी। मकान बनवाने के लिए सरकार की तरफ से धनराशि दी जाएगी। बच्चे की पढ़ाई के लिए भी सरकार आर्थिक मदद देगी। इस स्कीम के जरिये केंद्र और राज्य सरकार की स्कीम का लाभ सीधा खाते में पहुंचाया जाएगा।
पोर्टल पर रजिस्टर्ड श्रमिक यदि दुर्घटना का शिकार होता है तो मृत्यु या फिर पूर्ण विकलांगता की स्थिति में 2 लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी। अगर श्रमिक आंशिक रूप से विकलांग होता है तो इस बीमा योजना के तहत वह एक लाख रुपये का हकदार होगा।
कौन करा सकता है रजिस्ट्रेशन – ई-श्रम कार्ड में केवल असंगठित क्षेत्र के कामगार ही रजिस्ट्रेशन करा सकते है। इसमें घरेलू कामकाज, सेल्फ इंप्लॉइड, दैनिक वेतनभोगी, मजदूर, प्रवासी श्रमिक, रेहड़ी-पटरी वाले श्रमिक ई-श्रम कार्ड में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
क्या किसानों को भी मिलेगा लाभ? ई-श्रम पोर्टल पर साफ किया हुआ है कि, केवल कृषि श्रमिक और भूमिहीन किसान ही ई-श्रम पोर्टल में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जिन किसानों के पास खुद की जमीन है उनको इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।