भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में रविवार को लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। सोमवार और आने वाले दिनों में भी गर्मी का प्रकोप रहने वाला है। लोगों को राष्ट्रीय राजधानी की गर्मी पसीने छुड़ा सकती है। वायु की गुणवत्ता भी खराब रहने की संभावना है। रविवार को वायु की गुणवत्ता 245 के एक्यूआई के साथ ‘खराब’ श्रेणी में थी।
सफदरजंग मौसम केंद्र पर सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही मौसम विभाग ने (आईएमडी) ने तेज हवाओं के चलने का भी अनुमान लागाया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने हीटवेव के लिए चेतावनी भी जारी की है। जिसके अंतर्गत आने वाले दिनों में हिटवेव की स्थिति बनेगी। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को सुबह 5.30 बजे तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई थी। जबकि सापेक्षिक आर्द्रता 66 फीसदी थी।
समान्य से 6 डिग्री अधिक रहा तापमान
रविवार को सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रविवार को, पालम (40.2 डिग्री), रिज (41.4 डिग्री), नजफगढ़ (41.7 डिग्री), और गुड़गांव (42.3 डिग्री) सहित कुछ मौसम वेधशालाओं में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक था।
इन तारीखों में भीषण गर्मी का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 6 अप्रैल तक 40 डिग्री तक जा सकता है, और 8 अप्रैल तक 41 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालाकि इसके आगे के दिनों के बारे में मौसम विभाग ने कोई पूर्वानुमान नहीं लगाया है। वहीं 4 से 7 अप्रैल तक राजस्थान और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी लू चलने की संभावना है।