7th Pay Commission, 7th CPC Latest News, Government Employees: केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) हाल में 17 फीसदी से 28 फीसदी किया गया है। कर्मचारियों के डीए में 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। डीए साल में दो बार बढ़ाया जाता है लेकिन कोरोना के चलते बीते डेढ़ साल (जनवरी 2020 से जून 2021) से इसे फ्रीज कर दिया गया था। इस वजह से एकसाथ 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई।
केंद्र की तर्ज पर कई राज्य सरकारों ने भी अपने कर्मचारियों का डीए बढ़ाया है। आमतौर पर केंद्र के डीए बढ़ाने के बाद ही राज्य सरकारें भी इसे संशोधित करती हैं। केंद्र के डीए बढ़ाने के बाद सबसे पहले राजस्थान सरकार ने डीए बढ़ाया। राजस्थान के कर्मचारियों को 28 फीसदी की दर से डीए दिया जा रहा है।
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए हो चुके ये अहम फैसले
वहीं हरियाणा सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए डीए में 11 फीसदी की बढ़ोतरी की है। गुजरात सरकार ने कर्मचारियों का डीए 11 फीसदी बढ़ाया। बढ़ा हुआ डीए 1 जुलाई, 2021 से लागू मान्य है। इसके साथ ही कर्मचारियों को 2 महीने का एरियर भी दिया जा रहा है। झारखंड ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए डीए को बढ़ाकर 28 प्रतिशत कर दिया है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भी महंगाई भत्ता और महंगाई राहत भत्ता 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी कर दिया गया है इसे 1 जुलाई 2021 से प्रभावी किया गया है। उत्तर प्रदेश ने भी डीए बढ़ाकर 28 प्रतिशत कर दिया है। इससे करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा। हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों-पेंशनरों को 6 फीसदी डीए बढ़ोत्तरी दी गई है।