7th Pay Commission Latest News in Hindi: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने दीपावली से पहले अपने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। दरअसल, सूबे के करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) की किस्त दीपों के त्यौहार से पहले दिए जाने की संभावना है। यही नहीं, अक्टूबर की तनख्वाह के साथ बोनस भी दिए जाने का प्लान है। यानी बढ़ा वेतन, डीए में इजाफा और बोनस एक साथ मिलने की उम्मीद है।
वित्त विभाग के सूत्रों के हवाले से कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि 14.82 लाख अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, दैनिक वेतन भोगी और वर्कचार्ज कर्मचारियों को बोनस दिए जाने से जुड़ी फाइल रेडी है। बस सरकार के आदेश का इंतजार किया जा रहा है, जबकि सोमवार (25 अक्टूबर, 2021) या मंगलवार (26 अक्टूबर, 2021) तक योगी सरकार डीए और बोनस से जुड़ा ऐलान कर सकती है।
तीन फीसदी डीए और जुड़ जाने के बाद राज्य कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता बढ़कर 31 प्रतिशत हो जाएगा, जबकि 16 लाख कर्मचारी डीए बढ़ोतरी का लाभ पा पाएंगे। वहीं, 14.82 लाख को बोनस दिया जा सकता है।
दरअसल, राज्य सरकार ने दो महीने पहले जुलाई 2021 के डीए की किस्त दीपावली के इर्द-गिर्द देने की बात कही थी। अब यह सरकार पर है कि जुलाई से सितंबर तक की रकम एरियर के रूप में या भविष्य निधि अकाउंट्स और बाकी बचत पत्रों के माध्यम से दे। वहीं, पेंशनभोगियों के लिए डीए का ऐलान होने की संभावना है।
उत्तराखंड CM एक माह का वेतन राहत कोष में देंगे: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। धामी ने सचिवालय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। हाल में प्रदेश में हुई अत्यधिक भारी बारिश के कारण आई प्राकृतिक आपदा से हुए व्यापक नुकसान के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने अपना अक्टूबर का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का फैसला किया है।