राजस्थान के टोंक से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को शादी के चार साल बाद भी बच्चा नहीं हो रहा था और चार साल बाद महिला को चार बच्चे एक साथ हुए हैं। एक साथ चार बच्चों के जन्म के बाद परिवार में ख़ुशी का माहौल है। महिला दो बच्चे और दो बच्चियों को जन्म दिया है।
महिला ने दो लड़के और दो लड़कियों को दिया जन्म
टोंक के वजीरपुरा गांव से यह मामला सामने आया है। रविवार को महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां सोमवार सुबह महिला ने पहले एक बच्चे को जन्म दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद महिला ने अन्य तीन बच्चों को जन्म दिया। इसमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं और चारों बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। सभी बच्चे और मां अभी अस्पताल में भर्ती हैं जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
डॉक्टर ने पहले ही दे दी थी जानकारी
डॉक्टर ने बताया कि महिला को पहले ही बता दिया गया था कि उसके गर्भ में चार में भ्रूण विकसित होने वाले हैं। गर्भपात की संभावना को देखने हुए चार महीने बाद ही गर्भाशय को विशेष तकनीक के माध्यम से सील कर दिया गया था। 27 अगस्त को जब महिला को दर्द महसूस हुआ तो उसे अस्पताल लाया गया, जहां सोमवार सुबह उसने चार स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है।
वैसे दो या तीन बच्चों के जन्म की कई खबरें सामने आती रहती हैं लेकिन चार बच्चों के जन्म की खबर कभी-कभी ही सुनने को मिलती है। उसमें भी जन्म के बाद ही एक या दो बच्चों के मृत्यु की संभावना अधिक रहती है। इससे पहले टोंक जिले में दो और मामले सामने आये थे, जब महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया था जिसमें एक मामले में एक और दूसरे में दो बच्चों की मौत हो गई थी।
हालांकि अब जो मामला सामने आया है उसमें चारों बच्चे और मां स्वस्थ हैं। एक साथ चार बच्चों के जन्म के बाद पूरे परिवार में ख़ुशी का माहौल है। डॉक्टर का कहना है कि दस लाख मामलों में एक ऐसा मामला सामने आता है जिसमें कई बच्चे एक साथ जन्म लेते हैं।