दिल्ली पुलिस के कमिश्नर राकेश अस्थाना के रिटायर होने के बाद अब संजय अरोड़ा दिल्ली के नए कमिश्नर बनाये गए हैं। संजय अरोड़ा 1 अगस्त, 2022 को दिल्ली पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभालने वाले हैं। मूलरूप से जयपुर के रहने वाले संजय अरोड़ा ‘तीन सेब’ के नाम से भी जाने जाते हैं। आइये उनसे जुड़ी कुछ ख़ास बातों पर एक नजर डालते हैं।

कौन हैं दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर?

संजय अरोड़ा तमिलनाडु कैडर से 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जयपुर (राजस्थान) से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने 2002 से 2004 तक कोयंबटूर शहर के पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्य किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक, विल्लुपुरम रेंज और भ्रष्टाचार विरोधी उप निदेशक के रूप में भी वह कार्य कर चुके हैं। इतना ही नहीं, संजय अरोड़ा चेन्नई में एडिशनल कमिश्नर क्राइम एंड हेडक्वार्टर और एडिशन कमिश्नर ट्रैफिक भी रह चुके हैं। अरोड़ा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के एसपी भी रह चुके हैं।

अर्धसैनिक बलों के साथ काम करने का अच्छा अनुभव

 ITBP, CRPF, BSF में भी संजय अरोड़ा महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। 1997 से 2000 तक उत्तराखंड के मातली में आईटीबीपी की बटालियन की कमान संभाल चुके हैं। वह 2000 से 2002 तक आईटीबीपी अकादमी, मसूरी में कमांडेंट (प्रशिक्षण) के तौर पर सेवा दे चुके हैं। संजय अरोड़ा को चीन मामलों का जानकर माना जाता है। ITBP के डीजी रहने के दौरान उन्होंने जवानों को रोजाना तीन सेब खाने पर जोर दिया था, लिहाजा वह ‘तीन सेब’ के नाम से भी जाने जाने लगे।

NSG की ट्रेनिंग ली, बीरप्पन गिरोह के खिलाफ अभियान 

संजय अरोड़ा ने 1991 में एनएसजी की तरफ से ट्रेनिंग ली। इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को सुरक्षा प्रदान करने के लिए विशेष सुरक्षा समूह (SSG) के गठन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तमिलनाडु में STF में एसपी रहने के दौरान चंदन तस्कर वीरप्पन (Veerappan) के गिरोह के खिलाफ कई सफल ऑपरेशन किये थे, इसके लिए उन्हें मुख्यमंत्री की ओर से सम्मानित किया जा चुका है।

संजय अरोड़ा को कई बार उनकी वीरता के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है। 2004 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक, 2014 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, पुलिस विशेष कर्तव्य पदक, अंतरिक्ष सुरक्षा पदक और संयुक्त राष्ट्र शांति पदक सहित कई सम्मान मिल चुका है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बनाए जाने से पहले संजय नवंबर 2021 से आईटीबीपी के डीजी का पद संभाल रहे थे।