एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव जीत लिया है। वह अब भारत की 15वीं राष्ट्रपति होंगी। द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी और आदिवासी समाज से पहली महिला राष्ट्रपति होंगी! राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद से ही द्रौपदी मुर्मू को बधाईयां मिलनी शुरू हो गई। पीएम मोदी समेत देश के तमाम बड़े नेताओं ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दी हैं। 

क्यों नहीं उठाया था प्रधानमंत्री का फोन!

भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की बैठक के बाद जब द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर फाइनल हुआ तो प्रधानमंत्री मोदी के ऑफिस द्वारा द्रौपदी मुर्मू से संपर्क करने की कोशिश की गई। ABP न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, द्रौपदी मुर्मू ने फोन का जवाब नहीं दिया है, क्योंकि वह सोने की तैयारी कर रही थीं। बताया जा रहा है कि नेटवर्क की भी समस्या थी। इसके बाद द्रौपदी मुर्मू के एक करीबी से संपर्क करने के बाद पीएम मोदी से उनकी बात हो पाई।  

पीएम मोदी से बात करने के बाद हो गई थीं भावुक!

ABP न्यूज से बात करते हुए द्रौपदी मुर्मू के एक करीबी ने बताया कि जब प्रधानमंत्री ने उन्हें जानकारी दी कि उन्हें राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया गया है, इसके वह भावुक हो गई थीं। अपने पति और परिवार को याद करते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। हालांकि घर पर धीरे-धीरे बधाई देने वाले लोग घर पहुंचने लगे तो इससे वह जल्दी उबर गईं। 

पहली बात जीता पार्षद का चुनाव और फिर…

द्रौपदी मुर्मू ने साल 1997 में पहली बार पार्षद का चुनाव जीता और इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2000 में ओडिशा सरकार में मंत्री बनीं। इसके बाद बीजेपी संगठन में अलग-अलग पदों को संभाला। साल 2015 में उन्हें झारखंड का राज्यपाल बनाया गया था और सफलतापूर्वक उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया था। 

बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को 5 लाख 77 हजार 777 वोट मिले जबकि यशवंत सिन्हा को 2 लाख 61 हजार 62 वोट ही मिले। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्यरात्रि को खत्म हो रहा है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।