सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार यानी 11 जुलाई को भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या पर अवमानना करने के मामले में 4 महीने की जेल के साथ 2000 रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि विजय माल्या को विदेश में ट्रांसफर किए गए 40 मिलियन डॉलर को 4 हफ्ते में चुकाया जाए। जिस पर लोगों ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया।
कोर्ट का आदेश : अवमानना से जुड़े मामले में विजय माल्या को सुप्रीम कोर्ट ने 4 महीने की सजा के साथ 2000 रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही विदेश में ट्रांसफर किए गए 40 मिलियन डॉलर को एक हफ्ते में चुकाने के आदेश के साथ कहा गया कि अगर ऐसा नहीं किया जाएगा तो माल्या की संपत्तियों को कुर्की कर ली जाए। यह कार्यवाही करने के लिए अफसर स्वतंत्र होंगे।
यूजर्स ने किए ऐसे कमेंट्स : एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि इससे ज्यादा तो ढाबे का बिल आ जाता है। रागिनी पटेल नाम की एक यूजर ने कमेंट किया, ‘ माननीय न्यायालय द्वारा कुछ ज्यादा ही जुर्माना नहीं लगा दिया गया, 40 मिलियन डॉलर का तो पता नहीं लेकिन क्या पता 2000 रुपए भी ना लौटा पाए।’ वाकी खान लिखते हैं – थोड़ा तो रहम करना चाहिए था, इतना ज्यादा जुर्माने की रकम।
सत्यम नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि इतनी रकम कैसे दे पाएंगे बेचारे। सिद्धकी नाम के एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया – इतने गरीब आदमी पर इतना जुर्माना लगाना निंदनीय है। रहमान नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं कि, ‘इतनी भारी रकम और इतनी लंबी सजा?’ दारा सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा – इतनी रकम भरने के बाद तो विजय माल्या कंगाल हो जाएंगे। माल्या जैसे गरीब आदमी पर इतना ज्यादा जुर्माना। सरकार को दोबारा सोचना चाहिए और जुर्माने में रियायत देनी चाहिए।
कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा कि, ‘भगवान क्या जेल में है गरीब के साथ, बेचारा 2000 रुपए कहां से ला पाएगा।’ जानकारी के लिए बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 5 साल पहले 9 मई 2017 को विजय माल्या को कोर्ट के आदेश की अवमानना का दोषी मानते हुए इसके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू की थी। गौरतलब है कि विजय माल्या ने अपनी संपत्ति का पूरा ब्यौरा उन बैंकों और संबंधित अधिकारियों को नहीं दिया था, जिसे उसने करोड़ों रुपए का कर्ज लिया था।