स्वतंत्रता दिवस के दिन जहां पूरा देश खुशियां मना रहा था तो वहीं मुकेश अंबानी को कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई। इससे मुंबई पुलिस में हडकंप मच गया। आरोपी ने एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल (H N Reliance Foundation Hospital) के लैंडलाइन नंबर पर नौ बार कॉल कर धमकी दी थी। अब मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार हुआ अंबानी को धमकाने वाले विष्णु
गिरफ्तार किए गये युवक का नाम विष्णु विधु भौमिक बताया जा रहा है। वह मुंबई के बोरीवली पश्चिम में परिवार के साथ रहता है। हालांकि धमकी देने के दौरान उसने अपना नाम अफजल बताया था। आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद जब उसके असली नाम का पता चला तो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर तंज कसा है।
अखिलेश यादव ने यूं कसा तंज
अखिलेश यादव ने लिखा, ‘कौन है जिसने सियासत को पहुंचा दिया ऐसे मुकाम, जहां लोग नाम बदलकर कर रहे हैं दूसरों को बदनाम।’ अखिलेश यादव के इस ट्वीट पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अनुराग दुबे नाम के यूजर ने लिखा कि लव जेहाद पर जब नाम बदलकर हिंदू बेटियों को धोखे से शादी करते हैं, तब तुम्हारा ज्ञान कहां चला जाता है?
लोगों की प्रतिक्रियाएं
हैदर अली नाम के यूजर ने लिखा कि माननीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी आपको मुस्लिम नाम लेने से क्यों डर लगता है आपको क्या? सबको पता मुस्लिमो को बदनाम किया जा रहा है। हरिओम नाम के यूजर ने लिखा कि अगर ऐसा देखा जाए तो बहुत से लोग हैं विष्णु बनकर अफजल निकलते हैं, उस पर आपका एक भी ट्वीट नहीं आता है।
शिवम यादव नाम के यूजर ने लिखा कि यही अगर अफजल ही धमका रहा होता तो श्री मान आपके मुख से कुछ नही निकलता! मै यादव होते हुए भी बोल रहा। गोपाल नाम के यूजर ने लिखा कि राजनीतिक लाभ लेने के लिए एक समुदाय विशेष के नाम पर ऐसा करते ही रहते हैं ये लोग, ये कोई पहली घटना नहीं है।
बता दें कि धमकी देने वाले विष्णु विधु भौमिक को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले से ही आपराधिक केस दर्ज हैं। आरोपी की उम्र 56 साल है और वह ज्वैलरी डिजाइनर के तौर पर काम कर रहा था। मूलरूप से उडीसा का रहने वाला भौमिक पिछले 25-30 सालों से मुंबई में ही रह रहा था।
