सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में झंडा फहराने को लेकर एक लड़के और लड़की में बेहद तीखी नोंकझोंक हो रही है। दोनों को उलझता देख पुलिस भी बीच में आती है लेकिन ये लोग पुलिस के सामने भी एक दूसरे से भिड़ना बंद नहीं करते हैं। ये वीडियो कब और कहां का है इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। वीडियो को स्टार भक्त नाम के फेसबुक पेज से गुरुवार 27 जुलाई को अपलोड किया गया है। इस वीडियो को पेज पर पोस्ट करते हुए लिखा गया है कि भक्तों को अब कपड़ों से भी समस्या है, इस नए भारत में अगर आपको तिरंगा फहराना है तो संसकारी कपड़े पहनने होंगे। वीडियो अपलोड होन के 25 घंटों में ही इसे लीन लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
वीडियो में नजर आ रहा है कि बीच सड़क पर लड़कों का एक गुट लड़की के साथ बहस कर रहा है। लड़कों के गुट में से एक लड़का लड़की से कहता है कि तुम तिरंगा नहीं फहरा सकती हो क्योंकि तुमने जींस पहन रखी है। लड़के की इस बात पर आपत्ति जताते हुए लड़की कहती है कि आखिर ये कहां लिखा है कि जींस पहन कर झंडा नहीं फहराया जा सकता है। लड़की लड़के पर भड़कते हुए कहती है कि तुम लोगों की इसी सोच को बदलना है, मैं तो तिरंगा फहरा कर रहूंगी। दोनों के बीच बहस बढ़ते-बढ़ते तू-तड़ाक तक पहुंच जाती है। थोड़ी देर में कुछ पुलिसवाले भी वहां पहुंच जाते हैं।
पुलिस के सामने भी लड़के-लड़की की बहस जारी रहती है। लड़का पुलिस वाले से भी कहता है कि देखिए ये जींस और चप्पल पहन कर तिरंगा फहराना चाहती हैं। पुलिस मामले को शांत कराने कोशिश करती है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस इस मामले को शांत करवा पाती है।