मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्य में खाकी पर फिर सवाल खड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस का कर्मी यहां महिला को धमकाते नजर आया है। महिला के खेत में घुस कर वह बोला था- दिन दहाड़े गोली मरवा दूंगा। पुलिसकर्मी के रौब और खौफ के कारण बीचबचाव को भी कोई न आया। हालांकि, घटना के दौरान कुछ लोग वहां मौजूद थे। चश्मदीदों में से कुछ ने इस दौरान पुलिसकर्मी का वीडियो बना लिया था। बाद में यही वीडियो क्लिप सोशल मीडिया और कुछ टीवी न्यूज चैनलों के जरिए सामने आई थी। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

यह मामला यूपी के बाराबंकी जिले का है। घटना से संबंधित क्लिप में पुलिसकर्मी खेत में खड़ा था। उसके पास में एक महिला खड़ी थी, जो उस जमीन की मालिक थी। पुलिसकर्मी इस दौरान धमकाते हुए बोला, “दिनदहाड़े गोली मरवा दूंगा। हम मर्डर केस में फंसना नहीं चाहते। जिस दिन चाहेंगे, वो एक दिन जी नहीं पाएगा। यही चीज अभी थाने में बोलूंगा।” देखिए वीडियो

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिसकर्मी जमीन को लेकर महिला को धमका रहा था। हालांकि, बाद में पीड़ित पक्ष ने पुलिसकर्मी की नजदीकी थाने में शिकायत की है। साथ ही सबूत के तौर पर मामले से जुड़ी वीडियो क्लिप भी पुलिस को सौंप दी है।

उधर, बाराबंकी पुलिस अधीक्षक बीवी श्रीवास्तव ने इस संबंध में बताया, “यह बेहद गलत बात है। पुलिस का काम रक्षा करना है। हम इस प्रकार के मामलों में जांच करते हैं। इस मामले का भी गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। घटना का हमारे पास वीडियो है। धमकी देने वाले पुलिसकर्मी की जल्द पहचान की जाएगी, जिसके बाद उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

बता दें कि सूबे में इससे पहले भी पुलिस का अमानवीय चेहरा उजागर हुआ था। इलाहाबाद से सटे बलिया में पुलिस वालों ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ बदसलूकी की थी। पुलिस ने घसीटते हुए बुजुर्ग महिला की पिटाई की थी। यह मामला भी भूमि विवाद से जुड़ा हुआ था।