सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स सांप को पकड़कर अपने मुंह से काटता दिखाई दे रहा है। कुछ लोग इसका वीडियो बना रहे हैं, साथ ही सांप को मुंह से काटने के लिए शख्स को उकसा रहे हैं। सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है, जिसपर लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया और कार्रवाई की मांग की है।
सांप को चबाते शख्स का वीडियो वायरल
वीडियो उत्तराखंड के नैनीताल का बताया जा रहा है जहां एक आइसक्रीम बेचता शख्स हाथ में सांप पकड़े हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है। वीडियो बना रहा शख्स उसे उकसाते हुए सांप को काटने के लिए कहता है। आइसक्रीम बेचता शख्स सांप को मुंह में लेकर उसे काट देता है और थूक देता है। इसके बाद शख्स सांप को दूर फेंक देता है लेकिन उकसाने के बाद वह फिर सांप को उठाता और उसके ऊपर कोल्डड्रिंक डालकर फिर चबाने लगता है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि यह घटना नैनीताल में उस वक्त हुई, जब कुछ इमारतों को तोड़ा जा रहा था। इस दौरान एक इमारत से सांप निकल आया। आरोपी शख्स उसे पकड़कर अपने आइसक्रीम के ठेले पर ले आया। इसके बाद उसने मुंह से सांप को चबाना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो आरोपी शख्स के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
सत्य नाम के यूजर ने लिखा कि इसको तो सजा मिलनी चाहिए, धामी जी के राज में कारनामे हो रहे हैं। लियाकत नाम के यूजर ने लिखा, “पहली बार देखा मैंने कि कोई इंसान सांप खा रहा है, वरना हमने तो सिर्फ सांप को ही काटते हुए देखा था।” विक्रम नेगी नामा के यूजर ने लिखा- “ऐसे आदमी का कोई भरोसा नहीं है, ये कल कोई भी भयंकर वारदात को अंजाम दे सकता है ,इसको तुरंत जेल भेजना चाहिए।”
एक यूजर ने लिखा, “दुनिया भर में सांप हैं। असम और नागालैंड में तो ये कोई नहीं बड़ी बात नहीं है। दुनिया भर में सांपों को खाया जाता है। भारत में भी कई राज्यों में कई जनजातियां सांपों को भोजन के रूप में उपयोग करती हैं। इसमें नई बात नहीं है परंतु इस व्यक्ति ने जिस तरह से क्रूरता की वह बहुत ही निंदनीय है।” एक यूजर ने लिखा कि इस व्यक्ति के पास जांच पड़ताल में कोई आईडी नहीं मिली है, पुलिस ने भी नहीं बताया कि यह कहां का निवासी है। कहीं ये रोहिंग्या तो नहीं है।