Jhansi Elderly Couple Died Together: उत्तर प्रदेश के झांसी में उस वक्त लोग भावुक हो गए जब पति की मौत के 20 मिनट बाद ही पत्नी ने भी प्राण त्याग दिए। लोगों को ये देखकर बड़ा आश्चर्य हुआ कि जीवनसाथी की मौत के कुछ क्षण बाद ही पत्नी ने भी दुनिया छोड़ दी। वो रोते-रोते बेहोश होकर गिर पड़ी, जब लोग उन्हें उठाने गए तो पाया कि वो देह त्याग चुकी है। ऐसे में दोनों की अर्थी साथ ही उठी और फिर दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।

1970 में शादी हुई थी दोनों की शादी

घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के धौरका गांव की है। जानकारी अनुसार रतीराम परिहार (74) और जानकी देवी (71) की 54 साल पहले 1970 में शादी हुई थी। दोनों में बहुत प्रेम था। रतीराम किसानी करते थे। बीते साल 3 जनवरी को उन्हें लकवा मार गया, जिसके बाद वो बिस्तर पर पड़ गए।

हालांकि, जानकी जी-जान से उनकी सेवा करते रहे। उनके हर काम का ध्यान रखना जानकी की ही जिम्मेदारी थी। लोग जब रतीराम का हाल खबर लेने आते तो वो हमेशा यही कहती थीं कि पति के भगवान उनको भी उठा ले।

रोते-रोते बेहोश हो गई महिला

मृतक के बेटे विनोद परिहार ने कहा कि पिता की तबीयत बीते दिनों बहुत खराब हो गई थी। उन्होंने बोलना भी बंद कर दिया था। शुक्रवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया। ऐसे में घर में कोहराम मच गया। सभी रोने लगे मां भी खूब रोने लगीं। इसी दौरान वो गिर पड़ी।

बेटे ने कहा कि हमने उन्हें उठाने की कोशिश की लेकिन वो नहीं उठीं। ऐसे में हम उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐसे में हम उनका शव लेकर घर आ गए। हमने रात भर परिजनों के इंतजार में शव को घर में ही रखा। फिर शनिवार की सुबह एक साथ दोनों की अर्थी उठी और एक ही चिता पर अंतिम संस्कासर हुआ। इस दौरान गांव के लोग गमगीन दिखे।