राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। 21 जुलाई की सुबह वोट गिने जाएंगे। जिसके बाद यह तय होगा कि देश का 15 वां राष्ट्रपति कौन बनेगा? इन्हीं तमाम विषयों को लेकर योगी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह से सवाल किया गया। एक टीवी चैनल से बात कर रहे दयाशंकर सिंह से जब द्रोपदी मुर्मू का जिक्र किया गया तो वह मुलायम सिंह यादव की तारीफ करने लगे।

मुलायम सिंह पर यह बोले दयाशंकर सिंह

राष्ट्रपति चुनाव के विषय पर बातचीत कर रहे दयाशंकर सिंह से रिपोर्टर ने द्रौपदी मुर्मू को लेकर सवाल किया। जिस पर उन्होंने कहा, ‘ यह हमारे लिए गर्व की बात होगी कि समाज के सबसे अंतिम व्यक्तित्व का नेतृत्व करने वाली महिला देश की राष्ट्रपति बनने जा रही हैं।’ अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी के इतर लोग भी समर्थन दे रहे हैं।

इस दौरान पत्रकार ने उनसे पूछा, समाजवादी पार्टी का आरोप है कि बीजेपी वाले तो मुलायम सिंह यादव को पता नहीं क्या-क्या कहते थे? इस समय केवल विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा द्वारा दिए गए पुराने बयान को बेमतलब में लाया जा रहा है? इस पर दयाशंकर सिंह ने मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की तारीफ करते हुए कहा कि देश में जब भी इस तरह की परिस्थितियां आई हैं, वो अपनी दलगत भावनाओं से उठकर काम किए हैं। उन्होंने अब्दुल कलाम का भी साथ दिया था।

सपा प्रमुख पर किया कटाक्ष

दयाशंकर सिंह ने सपा प्रमुख द्वारा द्रौपदी मुर्मू का समर्थन न करने पर कहा कि अगर उन्होंने एनडीए उम्मीदवार का समर्थन किया होता तो ज्यादा बेहतर होता। वह हमेशा पिछड़ों की बात करते हैं लेकिन इस अवसर पर उन्होंने पिछड़ों का साथ नहीं दिया। वहीं बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अखिलेश की ओर से दी गई प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा, ‘वह तो जाते -जाते केवल उद्घाटन करके चले गए थे, हमने हर काम को अच्छी तरीके से पूरा किया है।’

विपक्ष के लोगों ने भी किया है द्रौपदी मुर्मू का समर्थन

दयाशंकर सिंह ने दावा किया कि राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार का समर्थन विपक्ष के लोगों ने भी किया है। जानकारी के लिए बता दें कि ओपी राजभर और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने द्रौपदी मुर्मू का ही समर्थन किया है। वहीं अखिलेश यादव ने कहा था कि वह अगर अपनी पार्टी में आखिरी व्यक्ति भी बसते हैं तो वह यशवंत सिन्हा का ही समर्थन करेंगे।