अक्सर आपने बस या ट्रेन की विंडो सीट के लिए लोगों को लड़ते या झगड़ते देखा होगा। कई बार तो ऐसी स्थिति में मारपीट भी हो जाती है लेकिन क्या आपने किसी जहाज में विंडो सीट के लिए लोगों को लड़ते, झगड़ते और मारपीट करते देखा है? शायद नहीं देखा होगा लेकिन एक ऐसी ही घटना हुई है और जमकर मारपीट और गाली-गलौज भी हुई है।
जहाज में विंडो सीट को लेकर हुई मारपीट
जानकारी के मुताबिक मुताबिक, हाल ही में माल्टा से स्टैनस्टेड (लंदन) जा रही रयानएयर की जहाज (4207) में एक ब्रिटिश यात्री और एक अमेरिकी यात्री के बीच झगड़ा हो गया। ब्रिटिश यात्री ने अमेरिकी यात्री को उसकी खिड़की वाली सीट तक नहीं जाने दिया। जिसके बाद कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट में बदल गया।
यात्रियों ने की लड़ाई रोकने की नाकाम कोशिश
विमान में मौजूद एक यात्री के अनुसार, शुरुआत कहासुनी और गाली-गलौज से हुई और लड़ाई मारपीट में बदल गई। इस मारपीट को लेकर पूरे जहाज में अफरा तफरी का माहौल बन गया। लोग उन्हें ना झगड़ने को लेकर समझाते रहे लेकिन दोनों की लड़ाई और तेज होती जा रही थी।
क्रू मेंबर की दखल के बाद रुकी लड़ाई
दोनों की लड़ाई से परेशान क्रू मेम्बर्स ने दोनों को रोकने की कोशिश की। क्रू मेंबर द्वारा काफी देर तक समझाए जाने के बाद दोनों यात्री शांत हुए और दो घंटे की देरी से उड़ान भरने के बाद विमान लंदन के लिए रवाना हुआ। इस घटना पर यात्रियों ने भी नाराजगी व्यक्त की। कई यात्रियों ने कहा कि ऐसे माहौल में लड़ाई करने का क्या फायदा, जहां आपको कई घंटे बगल में बैठकर यात्रा करनी है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हालांकि ये कोई पहला मौका नहीं जब इस तरह की घटनाएं सामने आई हों। इससे पहले भी एक यात्री ने जहाज के उड़ान भरने से पहले ही गेट खोलकर उतरने की जिद्द करते हुए खूब हंगामा किया था। हालांकि उस पर बाद में कानूनी कार्रवाई की गई थी। वहीं एक वीडियो में बेटी को हुई परेशानी के बाद एक पिता के झगड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।